'क्या बच्चों की शादी न करें, बस हर समय मीटिंग में ही रहें?' सिंधिया के दौरे से गायब रहने पर भाजपा विधायक के तीखे बोल!
गुना।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के चार दिवसीय गुना दौरे के दौरान लगातार गायब रहने वाले स्थानीय भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य नजर आए हैं। महाराज के दिल्ली लौटते ही अचानक जबरदस्त एक्शन मोड में नजर आए। साथ ही बेबाक अंदाज में जवाब दिए हैं।
हम अपनी लड़की-लड़कों की शादी नहीं करें
ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम में अपनी अनुपस्थिति पर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि क्या हम अपनी लड़की-लड़कों की शादी न करें, बस हर समय मीटिंगों में ही जाते रहें? बच्चों के संबंध समाज में जाकर हमें ही कराने हैं। कोई नेता आकर हमारे बच्चों की शादी नहीं कराता है, हमें सब अच्छी तरह पता है। हमने पांच साल पहले भी देख लिया है और अभी भी देख लिया है।
चार दिवसीय दौरे पर आए थे सिंधिया
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 26 से 29 जून तक गुना के चार दिवसीय मैराथन दौरे पर थे, जहां उन्होंने गुना के अलावा बमोरी क्षेत्र में कई योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यस एवं भूमिपूजन किए। इस पूरे दौरे के दौरान गुना विधायक केवल 27 जून को औपचारिकता निभाने के लिए सर्किट हाउस में सिंधिया का स्वागत करने पहुंचे थे, जिसके बाद वे बाकी के सभी कार्यक्रमों से पूरी तरह नदारद रहे।
अलग-अलग कार्यक्रमों की दी थी दलील
इस दौरान विधायक पन्नालाल शाक्य ने कभी रिश्तेदार की गमी में शामिल होने, कभी भोपाल बैठक में शामिल होने की बात कही। लेकिन 28 जून को पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम स्वयं के कार्यालय पर सुनते हुए सोशल मीडिया पर फोटो डालकर वह फंस गए। इस दौरान उनके करीबियों द्वारा संगठन के काम से भोपाल में होने का बहाना भ्भी बनाया। अब गत शाम पांज गांव में कदम रखते ही विधायक के तेवर पूरी तरह बदले हुए नजर आए। उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के अपनी नाराजगी जाहिर कर दी।
भोपाल से नाम आने के बाद पहुंचे
कार्यक्रम के दौरान अपनी मौजूदगी को लेकर सफाई देते हुए विधायक शाक्य ने यह भी कहा कि वे इस समापन कार्यक्रम में अपनी मर्जी या जबरन नहीं आए हैं, बल्कि भोपाल से बकायदा उनके नाम का निर्देश जारी हुआ था। भोपाल के आलाकमान के आदेश के बाद ही वे यहां मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने पहुंचे हैं।

राशिफल 05 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
हर्ष फायरिंग की कीमत: जश्न की गोली ने ली जान, BJP विधायक को मिली सजा