अशोकनगर।
भीषण गर्मी के इस मौसम में जहां नदियां, तालाब और कुएं सूख रहे हैं और भूजल स्तर लगातार पाताल में जा रहा है, वहीं मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से एक बेहद दिलचस्प और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। प्रदेश के पूर्व पीएचई (PHE) राज्यमंत्री और मुंगावली से वर्तमान भाजपा विधायक बृजेंद्र सिंह यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुराने जमाने की पारंपरिक पद्धति से जमीन के अंदर पानी खोजते नजर आ रहे हैं। मामला विधायक के निजी खेत का है। गुरुवार को विधायक बृजेंद्र सिंह यादव भरियाखेड़ी ग्राम स्थित अपने खेत पर कृषि कार्य देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने बोरवेल खनन के लिए पॉइंट तलाशने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने किसी आधुनिक मशीनरी के बजाय ग्रामीण क्षेत्रों में बरसों पुरानी जामुन की लकड़ी वाली तरकीब अपनाई। उन्होंने हाथ में जामुन की दो लकड़ियां लीं और खेत में टहलने लगे। एक निश्चित स्थान पर पहुंचते ही लकड़ियों में हलचल हुई और पानी होने का संकेत मिला। विधायक ने तुरंत उस जगह पर निशान लगवा दिया।
विधायक का देसी अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल
हाथ में जामुन की लकड़ी लेकर खोजा पानी
खेत में बताई जगह पर 50 फीट में निकला पानी
ग्रामीण भी देखकर रह गए हैरान
वीडियो तेजी से हो रहा वायरल
महज 50 फीट पर निकल आया पानी
चमत्कार तब देखने को मिला जब शुक्रवार सुबह चिह्नित किए गए स्थान पर बोरिंग मशीन लगाकर खुदाई शुरू की गई। आमतौर पर जहां आजकल सैकड़ों फीट नीचे भी पानी नहीं मिल रहा है, वहीं इस जगह पर महज 50 फीट की गहराई छूते ही डेढ़ इंची पानी का तेज प्रेशर ऊपर आ गया। पानी की धार देखकर वहां मौजूद ग्रामीण और खुद विधायक भी खुश हो गए। हालांकि, बाद में बोर को करीब 200 से 250 फीट तक गहरा करवाया गया ताकि पानी का स्रोत बना रहे।
सिंधिया समर्थक हैं विधायक यादव
बता दें कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक विधायक बृजेंद्र सिंह यादव अपने इसी जुझारू और जमीनी अंदाज के लिए जाने जाते हैं। मंत्री पद पर रहने के बावजूद वे अक्सर ट्रैक्टर चलाते या खेतों में पसीना बहाते नजर आते हैं। अब पानी खोजने की उनकी इस अनूठी विधा का वीडियो इलाके के साथ-साथ पूरे प्रदेश में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है।