भोपाल। 
भोपाल में एक बार फिर गायों की मौत और गोमांस मिलने का मुद्दा सुर्खियों में है। नगर निगम के आधुनिक 'कत्लखाना' यानी, स्लॉटर हाउस की जिस गाड़ी से 26 टन मांस जब्त हुआ, उसमें गोमांस की पुष्टि हुई है। इसे लेकर शुक्रवार को कांग्रेसियों ने नगर निगम का दफ्तर घेरा और सवाल पूछा कि भोपाल में गोमांस कैसे बिक रहा है? उन्होंने ठेकेदार के घर पर बुलडोजर चलाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। जिंसी इलाके में भोपाल निगम ने बड़े दावों के साथ एक महीने पहले ही 35 करोड़ रुपए से बना आधुनिक स्लॉटर हाउस शुरू किया था। इसका संचालन लाइव स्टॉक फूड प्रोसेसर प्रालि को मिला था। संचालक असलम कुरैशी है, जिसे जेल भेज दिया गया। मामला सामने आने के बाद निगम ने स्लॉटर हाउस को सील कर दिया, लेकिन अब तक किसी की भी जिम्मेदारी तय नहीं की गई है।
कांग्रेस का घेराव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
गोमांस मिलने के मुद्दे पर शुक्रवार को कांग्रेस ने नगर निगम के माता मंदिर स्थित ऑफिस का घेराव किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। घेराव के चलते सुबह 11.30 बजे तक कोई अधिकारी या नेता ऑफिस नहीं पहुंचे। प्रदेश महामंत्री अमित शर्मा ने कहा कि देश-प्रदेश में बीजेपी की सरकार है। बावजूद सरेआम गोमांस की तस्करी की जा रही है। विदेश भेजा जा रहा है। इसमें कौन लोग शामिल हैं। कैसे मांस बिक रहा है? कैसे गाड़ी स्लॉटर हाउस से बाहर निकल गई? ठेकेदार को किसने टेंडर दिलाया? किस नेता को पैसा दिया जाता था? इन सभी सवालों के जवाब चाहिए। आज घेराव किया है। मांग है कि ठेकेदार के घर और स्लॉटर हाउस को बुलडोजर से तोड़ा जाए। ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेसी बुलडोजर लेकर जाएंगे। मुख्यमंत्री, महापौर निवास का घेराव करेंगे। जो इस गोरखधंधे में शामिल हैं, उन पर कार्रवाई हो। वरना कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।