भोपाल।
मध्य प्रदेश के सबसे सुरक्षित बंगले सीएम हाउस में चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां एक पालतू कुत्ते ने अपने ट्रेनर और रसोइये पर हमला कर दिया। अचानक से कुत्ते के हमले से वे संभल नहीं पाए और गंभी घायल हो गए। दोनों को जेपी अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया है।सूत्रों के अनुसार सीएम हाउस में पले एक कुत्ते ने अचानक से अपने ट्रेनर डॉग मास्टर रंजीत पर हमला कर दिया। पास ही मौजूद CM हाउस के बावर्ची कृपाशंकर मिश्रा ने देखा तो वे उन्हें कुत्ते के हमले से बचाने दौड़े, इस पर कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। सूत्रों के अनुसार कृपाशंकर के हाथ और पैर में ज्यादा गहरे निशान आए हैं।
जेपी अस्पताल में इलाज, एंटी रैबीज लगवाए
कुत्ते के अचानक हमले में घायल डॉग मास्टर रंजीत और रसोइये कृपाशंकर को स्टाफ ने आनन—फानन में वाहन से जेपी अस्पताल पहुंचाया। यहां उनका इलाज कराया गया है। उनके घाव गहरे बताए गए हैं। उन्हें एंटी रैबीज लगाए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट कुत्तों को लेकर सख्त टिप्पणी कर चुका
बता दें कि घटना को लेकर इसलिए हो हल्ला ज्यादा हो रहा है, एक तो सबसे सुरक्षित सीएम हाउस के अंदर कुत्ते का हमला है। दूसरा देशभर में कुत्तों के हमलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त टिप्पणी और आदेश कर चुका है।