जबलपुर।
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से लोगों की लगातार मौत हो रही है. यह सिलसिला अभी थमा नहीं है. इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में गंदे पानी की सप्लाई को लेकर लोगों में संवेदनशीलता बढ़ गई है. कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने जबलपुर में नर्मदा नदी की एक फोटो ट्वीट करते हुए लिखा है कि जबलपुर में नर्मदा नदी में एक गंदा नाला मिल रहा है और इसके ठीक आगे पेयजल की सप्लाई का प्लांट है. हालांकि नगर निगम का कहना है कि यह फोटो पुराना है और अब यहां ऐसी स्थिति नहीं है, लेकिन दिग्विजय सिंह की फोटो के बाद नगर निगम सुबह से इस स्थान की सफाई जरूर कर रहा है.
दिग्विजय सिंह ने किया ट्विट
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने जबलपुर के ग्वारीघाट की एक फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की है. इस पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि "जबलपुर में नर्मदा नदी के ग्वारीघाट में एक नाला नर्मदा नदी में मिल रहा है. जिसमें सीवेज का पानी बहता है और यह सीवेज टैंक ग्वारीघाट में ही बना हुआ है. इस टैंक में कोई फिल्टर नहीं है. दिग्विजय सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा है कि इसी से 500 मीटर की दूरी पर ललपुर वाटर फिल्टर प्लांट है. जिससे पेयजल की सप्लाई है और किसी भी दिन कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है."
महापौर ने दिग्विजय सिंह की पोस्ट पर दी सफाई
जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह ने दिग्विजय सिंह की फोटो और ट्वीट का खंडन करते हुए कहा है कि "यह फोटो 2 साल पुरानी है लेकिन जिस स्थान पर यह नाला मिल रहा है वहां गुरुवार की सुबह से ही नगर निगम की टीम सफाई करने पहुंच गई थी और यहां नाली की सफाई की गई. यहां पर नगर निगम के कांग्रेसी पार्षद भी पहुंचे."कांग्रेस पार्षद अयोध्या तिवारी का कहना है कि "जबलपुर नगर निगम के महापौर ने दावा किया था कि जबलपुर में नर्मदा नदी में कोई भी नाला नहीं मिल रहा है लेकिन ग्वारीघाट का यह नाला महापौर के दावे की पोल खोल रहा है."