भोपाल। 
मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना के खाते में अब 15 नवंबर के पहले 1500 रुपए की राशि आएगी. प्रदेश की मोहन यादव सरकार द्वारा नवंबर माह से लाड़ली बहनों को योजना की बढ़ी हुई राशि दी जाएगी. उधर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर लाड़ली बहनों के नाम पर उन्हें धोखा दिए जाने का आरोप लगाया है. जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहनों के नाम पर लिए गए कर्ज में से 69 हजार करोड़ की राशि की चोरी कर ली है, जो पैसा लाड़ली बहनों को मिलना चाहिए था, वह राशि सरकार ने फिजूलखर्ची में उड़ा डाली.
इस तरह की गई धोखाधड़ी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि "1 नवंबर को प्रदेश में मध्य प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जा रहा है. उन्होंने प्रदेश के लोगों को इसकी बधाई देते हुए कहा कि लोगों को प्रदेश की छल की सरकार से प्रदेश को मुक्त करने का संकल्प लेना चाहिए, क्योंकि सरकार ने प्रदेश की लाड़ली बहनों के साथ ही धोखा किया है. जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हर माह कर्ज लेती है. लाड़ली बहना और महिला सशक्तिकरण के नाम पर 90 हजार करोड़ का लोन सरकार ने लिया है, लेकिन लाड़ली बहना को 41 करोड़ का ही भुगतान हुआ है.
राज्य सरकार लाड़ली बहना के नाम पर कटोरा लेकर कर्ज लेती है और फिर यह कर्ज बहनों को नहीं देते. राज्य सरकार द्वारा बाकी राशि की फिजूलखर्ची की जा रही है, उसे भ्रष्टाचार में उड़ाया जा रहा है. राज्य सरकार को लाड़ली बहनों को 3 हजार रुपए महीने के हिसाब से 1 लाख 9 हजार करोड़ रुपए देता था, लेकिन 41 हजार करेड़ रुपए की राशि ही उनके खातों में डाली गई. बहनों के हिस्से के 69 हजार करोड़ की चोरी कर ली गई. यह बहनों के साथ धोखा है. जीतू पटवारी ने कहा कि बहनों के नाम पर जो कर्ज लिया जा रहा है, उसका भार उनके ही बेटों और परिवार पर आने वाला है."
बीजेपी के षडयंत्रों से निपटने प्रशिक्षण
जीतू पटवारी ने कहा कि "वैचारिक और संगठनात्मक रूप से पार्टी को मजबूत करने और बीजेपी के षड़यंत्रों से निपटने के लिए ही जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण किया जा रहा है. कांग्रेस का यह प्रशिक्षण 2 नवंबर से पचमढ़ी में होने जा रहा है. यह इंटरनल प्रशिक्षिण शिविर है, इसमें सबसे पहले जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षित किया जाएगा. 2 नवंबर से शुरू होकर 11 नवंबर तक पचमढ़ी के होटल हाईलैंड में यह ट्रेनिंग चलेगी.