टीम खंडेलवाल में जगह नहीं मिली, गुर्जर-लोधी नाराज:कहा- बीजेपी के लिए सालों से चप्पल घिस रहे; प्रदेश कार्यकारिणी से विंध्य के भी कुछ नेता बाहर
भोपाल।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की नई टीम के ऐलान के बाद बघेलखंड और बुंदेलखंड अंचल में विरोध हो रहा है। रीवा से राजेश पांडेय और शरदेंदु तिवारी की कार्यकारिणी से छुट्टी के बाद एक कार्यकर्ता ने राजेश और वीडी शर्मा का फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। इसमें लिखा- काश, वीडी भाई साब का जन्मदिन न मनाते….। वहीं, लोधी और गुर्जर समाज के नेताओं ने अपने समाज को प्रतिनिधित्व न दिए जाने का मामला पत्र लिखकर उठाया है। ये पत्र सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। टीकमगढ़ पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सूरज सिंह लोधी ने फेसबुक पर अपना आक्रोश व्यक्त किया। सूरज ने लिखा- सालों से बीजेपी के लिए चप्पल घिस रहे लोधी समाज के नेताओं को प्रदेश सूची में स्थान न देकर आराम करने दिया। उसके लिए प्रदेश संगठन का धन्यवाद, घिसते रहो।
सकल गुर्जर ने पत्र लिखा कहा- अपमान बर्दाश्त नहीं
दूसरी ओर सकल गुर्जर ने पत्र लिखकर कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कार्यकारिणी में गुर्जर समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिया है। ये अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इससे गुर्जर समाज में आक्रोश और रोष है। प्रदेश के 18 लोकसभा और 131 विधानसभा क्षेत्र में गुर्जर समाज के लोग रहते हैं, जो बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़े हैं। निर्णायक गुर्जर समाज के 5 हजार से 65 हजार तक मतदाता होने के बाद भी प्रतिनिधित्व न देना आश्चर्यजनक है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की लोकसभा में विजय दिलाने में गुर्जर समाज का बड़ा योगदान रहा है, जब उन्होंने उपचुनाव लड़ा था।
ये पत्र सकल गुर्जर समाज के प्रदेश संयोजक रमेश गुर्जर के नाम से जारी किया गया है। पत्र में कहा है कि उनके समाज को स्थान न दिया जाना गुर्जर समाज का सार्वजनिक अपमान है। गुर्जर समाज को न जिले में सम्मान मिला और न प्रदेश की कमेटी में मिला। इससे यह साफ है कि भाजपा को गुर्जर समाज की जरूरत नहीं है। अगर बीजेपी गुर्जर समाज का यूं ही अपमान करेगी तो समाज इसका जमकर विरोध करेगा।

कूनो नेशनल पार्क-चीतों का नया घर ही नहीं, अब सफल ग्लोबल ब्रीडिंग सेंटर
मध्यप्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
“सेवा निवृत्ति के बाद भी सेवा का जज़्बा हमेशा जीवित रहता है” — डीजीपी कैलाश मकवाणा