भोपाल। 
मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की नई टीम का ऐलान हो चुका है. लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को प्रदेश भाजपा के नए पदाधिकारियों की सूची जारी की गई. इस नियुक्ति पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया भी आई. बीजेपी की कार्यकारिणी पर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गुटों में बंटी हुई है. बीजेपी में गुटबाजी हावी है। बड़ी-बड़ी बातें की जा रही थीं कि हम बहुत अच्छी कार्यकारिणी बनाएंगे, सबका समावेश रहेगा. लेकिन अब समझ में ही नहीं आ रहा कि कौन कार्यकर्ता है और कौन वरिष्ठ नेता. कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया. भाजपा प्रवक्ता गुलरेज शेख ने कहा कि कांग्रेसियों की मति मारी गई है. जीतू पटवारी को भी यह देखना चाहिए कि महिलाओं और युवाओं को कितना प्रतिनिधित्व मिला है. बीजेपी में सभी काम आपसी सहमति से होते हैं. कांग्रेस की तरह यहां जूतम-पैजार नहीं होता. बीजेपी में संवाद के साथ बैठकर फैसले लिए जाते हैं, इसलिए सुखद परिणाम आते हैं. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की सहमति से, हेमंत खंडेलवाल ने मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की नियुक्ति की है. 
मुख्‍यमंत्री ने दी बधाई
मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवनियुक्‍त पार्टी पदाध‍िकार‍ियों को बधाई दी है. सीएम ने सोशल मीड‍िया पर ल‍िखा क‍ि ''भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश के नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आप सबके समर्पित प्रयासों से संगठन और जनसेवा का संकल्प और अधिक सशक्त हो; यही मंगलकामना है.