भोपाल,सबकी खबर। 
मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी की बहुप्रतीक्षित प्रदेश कार्यकारिणी आज शाम तक घोषित होने जा रही है। सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित सूची को दिल्ली हाईकमान से हरी झंडी मिल चुकी है और अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल आधिकारिक घोषणा करने वाले हैं। सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हितानंद शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पसंद के कई नाम सूची में शामिल हैं। संगठन में संतुलन बनाए रखने के साथ सामाजिक समीकरणों को भी तवज्जो दी गई है।
संभावित प्रमुख चेहरे —

  • लता वानखेड़े — ओबीसी वर्ग से, मंत्री रह चुकीं, इस बार महामंत्री बनाए जाने की चर्चा
  • सुमेर सिंह सोलंकी — आदिवासी वर्ग से, महामंत्री पद के प्रबल दावेदार
  • गौरव रणदबे — इंदौर से, मंत्री पद की संभावनाएँ
  • डॉ. प्रभुराम चौधरी — दलित चेहरे के रूप में महामंत्री बनने की प्रबल चर्चा
  • राहुल कोठारी — भोपाल से, बड़े पद पर प्रमोशन की संभावना

मीडिया विभाग में बड़ा संकेत
सूत्रों का कहना है कि प्रदेश मीडिया प्रभारी के तौर पर आशीष अग्रवाल को ही जारी रखा जा सकता है। पार्टी इस बार संगठन के संवैधानिक प्रावधानों अनुसार 10 उपाध्यक्ष, 10 मंत्री और 4 महामंत्री बनाएगी। पिछली बार की तरह भारी-भरकम कार्यकारिणी इस बार नहीं होगी।
कार्यालय मंत्री और प्रदेश कार्यालय प्रभार
कार्यालय संचालन से जुड़े पदों पर घोषणा बाद में की जा सकती है। प्रदेश अध्यक्ष को इन पदों पर निर्णय लेने की स्वतंत्रता दिए जाने की चर्चा है।
कांग्रेस से तुलना और राजनीतिक संदेश
विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा तेज़ गति से संगठनात्मक फैसले ले रही है, वहीं कांग्रेस की कार्यकारिणी गठन प्रक्रिया पर अक्सर धीमी गति को लेकर सवाल उठते रहे हैं। भाजपा का यह कदम लोकसभा चुनाव से पहले संगठन को ज़मीन पर सक्रिय करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
आज शाम ‘टीम हेमंत’ का होगा ऐलान
राजनीतिक जगत की निगाहें प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर टिकी हैं। घोषणा के साथ ही आने वाले महीनों की संगठनात्मक गति स्पष्ट हो जाएगी।