'अपना त्योहार अपनों से व्यवहार', दीवाली पर लगा पोस्टर, भड़की कांग्रेस
भोपाल।
देश में दीपावली का त्योहार नजदीक है. ऐसे में बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है. लोगों त्योहारी सामान के साथ अन्य घरेलू आइटम और ज्वेलरी खरीद रहे हैं. इस बीच भोपाल में विश्व हिंदू परिषद द्वारा शहर के चौक-चौराहों पर लगाया गया एक पोस्टर विवाद का कारण बन गया है. हालांकि हिंदूवादी संगठन जहां इसका समर्थन कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस ने इस पोस्टर को लेकर मोर्चा खोल दिया है.
अपना त्योहार, अपनों से व्यवहार
राजधानी के बोर्ड ऑफिस चौराहा और भेल क्षेत्र में रत्नागिरी चौराहे समेत अन्य चौक-चौराहों पर दीपावली से एक हफ्ते पहले विश्व हिंदू परिषद ने जगह-जगह पोस्टर लगाया है. इस पर सबसे लिखा हुआ है, 'अपना त्योहार, अपनों से व्यवहार'. इसके बाद इसी पोस्टर में नीचे लिखा है कि 'दीपावली की खरीदी उनसे करें, जो आपके खरीदी से दीपावली मना सकें.' इसमें पोस्टर लगाने वाले संगठन का नाम विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल लिखा हुआ है.
इसलिए लगाया गया पोस्टर
जब इस मामले में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख जीतेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि "दीपावली सनातन धर्म के लोगों का बड़ा त्योहार है. हमने यह पोस्टर किसी धर्म को आहत करने के लिए नहीं लगाया है. चौहान ने बताया कि इस पोस्टर का उद्देश्य दीपावली का त्योहार मनाने वालों को जागरुक करना है. गरीब हिंदू समाज के जो लोग दीये की दूकानें लगाते हैं, फल-फूल व माला सामग्री बनाकर बेचते हैं. हिंदू समाज उनसे पहली प्राथमिकता में दीपावली का सामान खरीदें. जिससे उनके घर पर भी अच्छे से दीवाली मनाई जा सके. वो अपने बच्चों को कपड़े और मिठाईयां खरीद सकें."
इस मामले में सरकार दे स्पष्टीकरण
कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने बताया कि "दीपावली का त्योहार देश में सब लोग मिलजुल कर मनाते हैं, लेकिन कुछ संगठन नफरत की राजनीति कर रहे हैं और वो समाज को बांटना चाहते हैं. इसलिए ऐसा पोस्टर लगाया जा रहा है. बारोलिया ने कहा कि इस मामले में सरकार को स्पष्टीकरण देना चाहिए, कि क्या वो इस पोस्टर के पक्ष में है. अन्यथा सरकार को इस तरफ समाज में नफरत फैलाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए."
समाज को जागरुक करना जिम्मेदारी
इस मामले में भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह यादव का कहना है कि "हिंदू त्योहारों के दौरान कई बार ऐसे मौके आए, जब उनकी भावनाओं को आहत करने का काम किया गया. ऐसे में समाज के लोगों को जागरुक करना, हिंदू संगठनों की जिम्मेदारी है. सबसे बड़ी बात इस अपील से स्वदेशी उत्पाद और लोकल फार वोकल को बढ़ावा मिलेगा. इसमें बीच में कूदकर कांग्रेस राजनीति कर रही है."

MSU में नया कोर्स शुरू, छात्र पढ़ेंगे मोदी तत्व और RSS का इतिहास
ऑस्ट्रेलियाई दूत ने भारत की विविधता की खुलकर तारीफ की
CBI को बड़ी सफलता, यूएई से भारत लाया गया भगोड़ा कमलेश पारेख
क्या गर्मी में ग्रीन-टी से बढ़ेगी गर्मी? एक्सपर्ट की राय