जबलपुर IG का एक्शन, कटनी के चार पुलिसकर्मी जिले से बाहर, इन अवैध गतिविधियों के शक में हुई कार्रवाई
जबलपुर।
जबलपुर रेंज के आईजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी जिले के चार पुलिसकर्मियों को जिले से बाहर किया है। साइबर सेल से लेकर थानों तक पदस्थ रहे इन चारों पर अवैध गतिविधियों में संलिप्तता और पुलिस की छवि धूमिल करने की आशंका जताई गई है। आईजी प्रमोद वर्मा ने जिन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से जिले से बाहर किया है, उनमें राजेंद्र अंकित ऊईके, प्रशांत विश्वकर्मा, रविंद्र दुबे और शिव पटेल शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई हाल ही में सिवनी में हुए करोड़ों के लूटकांड और ऑनलाइन सट्टा कारोबार के कनेक्शन के चलते की गई है, जिसकी गूंज अब कटनी तक पहुंच चुकी है। जानकारी के अनुसार इस पूरे प्रकरण में कटनी की रहने वाली और सिवनी की तत्कालीन सीएसपी पूजा पांडे का नाम भी चर्चा में है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कटनी से करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये की रकम क्रिकेट सट्टा की बताई जा रही है, जिसे हवाला कारोबारियों द्वारा कटनी से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। जिसकी मुखबिरी कटनी से हुई थी। इसी का फ़ायदा उठाते हुए सिवनी में पुलिसकर्मियों ने गाड़ी के सिवनी पहुंचते ही रेकी करते हुए करीब डेढ़ करोड़ की रकम लूट कर ली थी। जबलपुर आईजी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी कई पुलिसकर्मी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। फिलहाल पूरी कार्रवाई से कटनी पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

SBI के साथ अनुबंध के बाद कर्मचारियों को मिलेगा भारी बीमा फायदा
34 साल पुरानी एयरलाइन का अंत, उड़ानें रद्द और नौकरी पर संकट
टी20 विश्व कप के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कौर बनी कप्तान
Gujarat Alert: कच्छ में ISIS प्रोपेगेंडा फैलाने वाला शख्स पकड़ा गया