छिंदवाड़ा।
जहरीली कफ सिरप से मासूम बच्चों की मौत के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. एक तरफ पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि मौतों के जिम्मेदार मध्य प्रदेश सरकार है, तो वहीं छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि कमलनाथ ने शेख जिल्लेलाही की तरह दरबार सजाकर मृतकों के परिजनों का अपमान किया है. सांसद ने कहा कि अपने रुतबे, घमंड और अहंकार के मद में चूर जिल्लेइलाही शेख कमलनाथ की निष्ठुरता से आमजन भली भांति परिचित हैं. आसमान पर उड़ने का ऐसा अंधा अभिमान है उन्हें कि जमीन पर चलने वाले इंसान कीड़े मकोड़े ही नजर आते हैं.
जिल्ले इलाही की तरह सजाया दरबार
सांसद बंटी विवेक साहू ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि "कमलनाथ जिल्लेइलाही की तरह दरबार सजाते हैं और जनता को फरियादी की तरह बुलाते हैं. वे कभी भी, किसी भी घटना में पीड़ित व्यक्ति से मिलने उस तक नहीं पहुंचे. पत्रकार वार्ता में सांसद ने कहा कि जिल्लेइलाही कमलनाथ के रुतबे रूपी अकड़ की रस्सी तो जनता ने जला दी, लेकिन उनकी ऐंठन अभी तक नहीं गई.
सांसद ने आरोप लगाया कि कमलनाथ ने निर्लज्जता और मर्यादा की सारी हदें ऐसी लांघी की उन्होंने जिल्लेइलाही की तरह दरबार सजाया और पीड़ित परिवारों के सिर पर हाथ फेरकर दुख की इस विकराल घड़ी में उन्हें दिलासा देने के बजाय उन्हें ही अपने दरबार में फरियादी बना दिया. कमलनाथ के दरबार में उन पीड़ित परिवारों को फरियादी की तरह पेश किया. भगवान समान जनता को जलील करने का काम जिल्लेइलाही कमलनाथ द्वारा हमेशा से ही किया जाता रहा है."
दुबई में आराम फरमा रहे थे कमलनाथ
सांसद बंटी साहू ने कहा कि " मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत से रोते बिलखते पीड़ित परिवारों को उम्मीद थी कि जिस इंसान को अपना समर्थन देकर सफलता के शिखर पर पहुंचाया. वो इस मुसीबत में उनके साथ खड़ा होगा, लेकिन वो व्यक्ति साथ खड़े होना तो दूर उनकी मुसीबत के समय अपने दुबई के एशोआराम में डूबा रहा. सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि मासूम बच्चों की मौत से विचलित प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव यहां आकर न सिर्फ पीड़ितों से मिले बल्कि उन परेशान परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद भी दी.
सिर्फ इतना ही नहीं मुख्यमंत्री डॉ. यादव बीमार बच्चों से मिलने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ नागपुर भी पहुंचे. बच्चों के इलाज का संपूर्ण खर्च भी भाजपा सरकार वहन कर रही है. मुख्यमंत्री के अलावा स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल भी छिंदवाड़ा परासिया और जुन्नारदेव जाकर एक एक पीड़ित परिवार से मिले और उन्हें दिलासा दिया. इधर हमारा जिला मासूम बच्चों की असमय मौत से दुख में जल रहा था, उधर कमलनाथ अपने दुबई के महल में ऐशो आराम की बंशी बजा रहे थे.
दुबई के महल से निकलकर जब कमलनाथ बड़ी मुश्किल और भारी दबाव के बाद छिंदवाड़ा के दौरे पर आए, हर किसी को उम्मीद थी कि वे पीड़ित परिवारों से संवेदना जताने उनके घर पहुंचेंगे, लेकिन उनकी अकड़ ऐसी की छिंदवाड़ा को अपनी रियासत समझने वाले और यहां की भोली भाली जनता को अपनी प्रजा समझने वाले कमलनाथ ने परासिया में दरबार सजाया और पीड़ित परिवारों को फरियादी तरह वहां पेश होने का हुक्म जारी किया.
आरोपी प्रवीण सोनी के रिश्तेदार के लॉन में की मुलाकात
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि बच्चों को जहरीली सिरप पिलाकर मौत में मुंह में ढकेलने के आरोपी डॉ. प्रवीण सोनी के परिवार के लॉन में कमलनाथ ने दरबार सजाया था. उस दरबार में ही पीड़ित परिवारों को फरियादी की तरह बुलाया गया, बच्चों को मौत के आगोश में पहुंचाने के आरोपी डॉ. प्रवीण सोनी के लॉन में बुलाना पीड़ित परिवारों के घावों पर नमक छिड़कने के समान है."