छिंदवाड़ा।
 मध्य प्रदेश में जहरीले कफ सिरप से 22 बच्चों की मौत के मामले में चेन्नई से गिरफ्तार दवा कंपनी श्रीसन फार्मास्युटिकल्स के मालिक गोविंदन रंगनाथन को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया. रंगनाथन को छिंदवाड़ा जिले के परासिया के कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट परिसर के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा है. इससे पहले रंगनाथन को चेन्नई से नागपुर तक मध्य प्रदेश एसआईटी की टीम फ्लाइट से लेकर पहुंची. नागपुर एयरपोर्ट से सुबह करीब 7 बजे कड़ी पुलिस सुरक्षा में रंगनाथन को कार से छिंदवाड़ा लाया गया.
हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी SIT
नागपुर से गाड़ियों के काफिले के बीच रंगनाथन को छिंदवाड़ा लाया गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार दवा कंपनी के मालिक को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए अदालत से दरख्वास्त की जाएगी. हिरासत में लेकर रंगनाथन से जहरीले कफ सिरप को लेकर विभिन्न एंगल से पूछताछ की जाएगी. इस दौरान पूछा जाएगा कि कोल्ड्रिफ कफ सिरप बनाने में किस प्रकार अनियमितता की गई. इसके साथ ही मध्य प्रदेश में इस जहरीले कफ सिरप को बेचने के लिए किन-किन लोगों का सहारा लिया गया.
लगातार लोकेशन बदल रहा था रंगनाथन, चेन्नई में दबोचा
मध्य प्रदेश में जहरीले कफ सिरप से बच्चों की मौतों का आंकड़ा बढ़ते ही मुख्य आरोपी श्रीसन फार्मास्युटिकल्स के मालिक रंगनाथन गोविंदन रंगनाथन अंडरग्राउंड चल रहा था. बताया जाता है रंगनाथन विदेश भागने की फिराक में था. लेकिन मध्य प्रदेश एसआईटी की टीम ने कड़ी मशक्कत करने के बाद रंगनाथन को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया. रंगनाथन को पकड़ने के लिए छिंदवाड़ा पुलिस ने 12 सदस्यों की एसआईटी टीम गठित की, जिसमें से 6 सदस्य तमिलनाडु के चेन्नई गिरफ्तार करने गए. आरोपी रंगनाथन ने गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदली.