CMO साहब आप छुट्टी लेकर चले जाओ तो आपके लिए बेहतर है, झल्लाकर बोले मंत्री प्रद्युम्न सिंह
शिवपुरी।
सीएमओ साहब आप छुट्टी लेकर चले जाओ तो आपके लिए बेहतर होगा. पार्षदों की शिकायतों को सुनने के बाद शिवपुरी जिला प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सीएमओ इशांक धाकड़ पर झल्ला पड़े. उन्होंने सख्त लहजे में नगर पालिका सीएमओ को फटकार लगा दी. यह वाकया उस समय हुआ जब प्रभारी मंत्री तोमर और विधायक देवेंद्र जैन अपने समर्थकों के साथ गुरुवार को विजयदशमी के मौके पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल होने शिवपुरी पहुंचे थे.
मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने सीएमओ को झाड़ा
इस दौरान पार्षद रामजी व्यास, पार्षद विजय बिंदास और पार्षद राजा यादव सहित अन्य पार्षदों ने मंत्री तोमर से मुलाकात की. उन्होंने नगरपालिका सीएमओ इशांक धाकड़ की शिकायत मंत्री तोमर से की. पार्षदों ने सीएमओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि "आपके निर्देश के बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. जिन वार्डों में डस्ट डलवाने को कहा था, वहां आज तक डस्ट नहीं डाली गई है.
पार्षद और सीएमओ की बीच तनाव
शिवपुरी नगर पालिका के हालातों को सुधारने के लिए प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पिछले तीन महीने से लगातार प्रयासरत हैं, लेकिन शिवपुरी में नगरपालिका के हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं. हालात यह हो गए हैं कि आए दिन अधिकारी-कर्मचारी और पार्षदों के बीच विवाद की स्थिति बनी रहती है. यही वजह है कि पार्षदों ने प्रभारी मंत्री से सीएमओ की शिकायत की थी. बीते कुछ दिन पहले प्रद्युम्न सिंह ने नगर पालिका सीएमओ और पार्षदों के साथ बैठक की थी.
प्रभारी मंत्री तोमर ने जताई नाराजगी
इसमें उन्होंने शहर की सफाई, पेयजल, लाइट व्यवस्था सहित अन्य समस्याओं का निराकरण जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक एक भी कार्य पूरे नहीं हुए हैं. शहर में सफाई व्यवस्था बेहद खराब है, जहां देखो गंदगी के हालात हैं. पार्षदों की शिकायत पर प्रभारी मंत्री ने सीएमओ इशांक धाकड़ को तलब किया और नाराजगी जाहिर की. मंत्री ने सीएमओ से यहां तक कह दिया कि सीएमओ साहब, आप छुट्टी लेकर चले जाओ तो आपके लिए बेहतर होगा.
नगरपालिका सीएमओ ने दी सफाई
इस पूरे मामले पर जब नगरपालिका सीएमओ इशांक धाकड़ से बात की गई, तो उनका कहना था कि "मंत्री जी ने उन्हें 3 बिंदुओं पर काम करने के निर्देश दिए हैं. शहर भर में 5 दिन का विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि शहर के सभी मुख्य मार्गों की सफाई हो सके. इसके अलावा तात्या टोपे पर गंदगी के लिए जो जिम्मेदार हैं उस पर कार्रवाई करो और पिछले दौरे पर जो निर्देश दिए थे. उनमें से जो 2 बिंदु रह गए हैं, उन पर काम करो.'' प्रभारी मंत्री तोमर द्वारा जताई गई नाराजगी पर सीएमओ इशांक धाकड़ ने सफाई देते हुए कहा कि "छुट्टी पर जाने वाली बात मंत्री जी ने सिर्फ इसलिए कही थी कि अगर काम करने की इच्छा नहीं है तो छुट्टी में चले जाओ, लेकिन मैं तो काम कर रहा हूं, इसलिए छुट्टी वाला विषय है ही नहीं."
विकास का नहीं विनाश का रोडमैप तैयार
इस पूरे मामले पर पार्षदों का कहना है कि "जब यह घटना घटी थी उस दौरान मौके पर विधायक देवेंद्र जैन भी मौजूद थे. उन्होंने भी नगर पालिका के हालातों पर मंत्री के समक्ष नाराजगी जाहिर की थी. विधायक देवेंद्र जैन का कहना था कि "मंत्री जी मैंने जो पैसा नगर पालिका को दिया है, अभी तक उनके टेंडर नहीं हुए हैं. पैसा ज्यों का त्यों पड़ा हुआ है. यहां शहर के विकास का नहीं विनाश का रोडमैप तैयार हो चुका है. इसके अलावा वार्ड क्रमांक-26 में विधायक निधि से नगरपालिका द्वारा बनाए जाने वाले रोड के भूमिपूजन के कार्यक्रम में नगरपालिका सीएमओ और इंजीनियर के न पहुंचने की शिकायत भी मंत्री को दर्ज कराई गई."

यूपी हादसा: 4 बच्चे चढ़े टंकी पर, 3 गिरे; 2 का हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू
2025-26 में ED का एक्शन मोड: हजारों रेड, पर कम हुई गिरफ्तारियां
बरगी क्रूज त्रासदी: "हमें भीख नहीं इंसाफ चाहिए", अपनों को खोने वालों का फूटा गुस्सा; अब तक 13 शव बरामद
बरगी बांध हादसा: विमान में खराबी से 4 घंटे एयरपोर्ट पर रुका शव
नए SP अनुराग सुजानिया: किन जिलों में कर चुके हैं सेवा, अब सागर में जिम्मेदारी
नतीजों से पहले सियासी संग्राम, BJP बोली—ममता की हार तय