बम्होरी कला, चंदेरा थाना प्रभारी नहीं बदलने पर धरना देंगे:कांग्रेस महासचिव ने 15 दिन का अल्टीमेटम दिया, कहा- ये लोगों को परेशान कर रहे
टीकमगढ़।
टीकमगढ़ जिले की जतारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महेवा चक्र 2 में गुरुवार को आयोजित दशहरा मिलन समारोह राजनीतिक गहमा-गहमी का केंद्र बन गया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार ने प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम जारी किया। कांग्रेस महासचिव किरण अहिरवार ने खुले मंच से घोषणा की कि यदि 15 दिन के भीतर बम्होरी कला और चंदेरा थाना प्रभारियों का ट्रांसफर नहीं किया गया, तो वह एसपी कार्यालय पर धरना देंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जतारा विधानसभा क्षेत्र में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी चरम पर हैं। उन्होंने इन दोनों थानों का विशेष जिक्र करते हुए कहा कि यहां के थाना प्रभारी लंबे समय से पदस्थ हैं, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ये चुन-चुनकर हमारे लोगों को परेशान कर रहे हैं।
किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
अहिरवार ने बुंदेलखंड के किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इस साल हुई भारी बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन भाजपा सरकार ने अभी तक न तो खेतों का सर्वे कराया है और न ही किसानों को मुआवजा दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर कथनी और करनी में अंतर का आरोप लगाते हुए किसानों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
संघर्ष का संकल्प लिया
किरण अहिरवार ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और आमजन के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वह भ्रष्टाचार करने वालों को कानून के दायरे में लाने के लिए काम करती रहेंगी।

यूपी हादसा: 4 बच्चे चढ़े टंकी पर, 3 गिरे; 2 का हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू
2025-26 में ED का एक्शन मोड: हजारों रेड, पर कम हुई गिरफ्तारियां
बरगी क्रूज त्रासदी: "हमें भीख नहीं इंसाफ चाहिए", अपनों को खोने वालों का फूटा गुस्सा; अब तक 13 शव बरामद