'मैंने ऐसी कोई बात नहीं कही, माताएं और बहनें पूजनीय':पटवारी ने महिलाओं को लेकर दिए बयान को खारिज किया
दतिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बुधवार को शिवपुरी से होते हुए दतिया पहुंचे। उनका कार्यक्रम दोपहर 1 बजे का था, लेकिन वे करीब 4:30 बजे यहां पहुंचे। सिविल लाइन रोड स्थित कांग्रेस के नए जिला कार्यालय का उन्होंने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद पीतांबरा माता के दर्शन किए और फिर "वोट अधिकार यात्रा" में शामिल होकर किला चौक पहुंचे, जहां "वोट चोर गद्दी छोड़" कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
महिलाओं वाले बयान को किया खारिज
कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान पटवारी ने हाल ही में वायरल हुए महिलाओं के शराब पीने संबंधी बयान को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा- “मैंने ऐसी कोई बात नहीं कही। मेरी माताएं और बहनें मेरे लिए पूजनीय हैं। उनके पैरों पर सिर रखकर प्रमाण करता हूं। मैं हमेशा उनके हक और अधिकार की लड़ाई लड़ता आया हूं और बिना डरे लड़ता रहूंगा।
ओबीसी आरक्षण पर सरकार को घेरा
पटवारी ने ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर सरकार पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- “8 अगस्त को सरकार ने न्यायालय में ओबीसी आरक्षण को रद्द करने का आवेदन दायर किया था। लेकिन आज उसी आवेदन को सुप्रीम कोर्ट से दूसरा आवेदन लगाकर वापस लिया गया। यह सरकार का दोहरा रवैया उजागर करता है।”
महंगाई और योजनाओं पर हमला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने महंगाई और सरकारी योजनाओं को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना में सरकार ने 1800 रुपए देने का वादा किया था, लेकिन पूरा नहीं किया। महंगे गैस सिलेंडर और युवाओं को रोजगार न मिलना सरकार की नाकामी है। उन्होंने कहा “विपक्ष में रहते हुए जनता की आवाज उठाना और सरकार को घेरना हमारा पहला कर्तव्य है, जिसे कांग्रेस पूरी मजबूती से निभा रही है।”

बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा काशी-विश्वनाथ दर्शन का अवसर
उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से रोशन हो रहा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
धमतरी में ‘STREE’ परियोजना का शुभारंभ: 300 ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया रास्ता
केरल के मुख्य सचिव डॉ. ए. जयतिलक का छत्तीसगढ़ दौरा