पन्ना में जेके सीमेंट प्लांट में बड़ा हादसा, निर्माणधीन छत का स्लैब गिरा

कई मजदूरों की मौत की खबर
पन्ना। पन्ना में स्थित जेके सीमेंट प्लांट में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में निर्माणाधीन हिस्से में छत की स्लैब डाली जा रही थी, जहां सैकड़ों मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भाड़ा (स्कैफोल्डिंग) गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कई मजदूरों की मौत और कई के घायल होने की खबर है। कंपनी के मीडिया प्रभारी संदीप त्रिवेदी ने बताया कि अभी तक मौत के आंकड़ों की जानकारी नहीं है। राहत बचाव कार्य किया जा रहा है। कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। सुरक्षा को देखते हुए फैक्ट्री के अंदर प्रवेश पूरी तरह से रोक दिया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने में जुटी हुई हैं। हालांकि अभी तक मृतकों और घायलों की सटीक संख्या की प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन हादसे के कारणों का पता लगाने में जुट गया है।