• हरदा पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ के दोस्त की गाड़ी में मिला 52 किलो सोना

भोपाल। साल 2024 मध्यप्रदेश में ऐसी कई घटनाएं हुईं जो चर्चा में रहीं। इन्हीं में से कुछ चुनिंदा घटनाओं में कब-क्या हुआ... 
पहली घटना : हरदा की पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट,12 की मौत, 200 घायल

6 फरवरी की सुबह हरदा के राजेश अग्रवाल की पटाखा फैक्ट्री में एक के बाद एक सीरियल ब्लास्ट हुए। इस ब्लास्ट में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए। फैक्ट्री में पहला ब्लास्ट सुबह करीब 11 बजे हुआ। ये छोटा ब्लास्ट था। इसके कुछ ही देर बाद बड़ा धमाका हुआ। फैक्ट्री मालिक राजेश अग्रवाल, सोमेश अग्रवाल और रफीक खान को रात करीब 9 बजे राजगढ़ जिले के सारंगपुर से पुलिस ने गिरफ्तार किया।
दूसरी घटना : भस्म आरती के दौरान महाकाल के गर्भगृह में आग भड़की, 14 लोग झुलसे

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में 25 मार्च को सुबह 5.49 बजे भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग लग गई थी। इसमें पुजारी समेत 14 लोग झुलस गए थे। हादसे के समय मंदिर में हजारों श्रद्धालु महाकाल के साथ होली मना रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के बेटे वैभव और बेटी आकांक्षा भी नंदी हॉल में मौजूद थे।
तीसरी घटना : कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा पर नारियल फेंका, ब्रेन में सूजन

कथावाचक पंडित मिश्रा 29 मार्च को सीहोर जिले के आष्टा में महादेव होली उत्सव में शामिल हुए थे। वे रथ में सवार थे और लोगों पर रंग-गुलाल उड़ाते हुए आगे बढ़ रहे थे। लोग भी उन पर फूल और रंग-गुलाल फेंक रहे थे। इसी दौरान एक नारियल आकर उनके सिर पर लगा। इसके बाद पंडित मिश्रा सिर पकड़कर बैठ गए। रथ पर सवार उनके शिष्य ने नारियल उठाया और इधर-उधर देखकर ये जानने की कोशिश कि नारियल किसने फेंका। पंडित प्रदीप मिश्रा ने 1 अप्रैल को नीमच के मनासा में कथा के मंच से खुद इस घटना का जिक्र किया था और स्वास्थ्य का हवाला देकर कथा को निरस्त कर दिया था।
चौथी घटना : जीआरपी महिला टीआई ने थाने में की दादी-पोते की पिटाई, 6 सस्पेंड

29 अगस्त को कटनी के जीआरपी थाने का एक वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में तत्कालीन टीआई अरुणा वाहने एक दादी और पोते की बेरहमी से पिटाई कर रही थी। वीडियो सामने आने के बाद सूबे की सियासत गर्मा गई। टीआई समेत 6 पुलिस वाले सस्पेंड कर दिए गए थे। ये वीडियो एक साल पुराना यानी अक्टूबर 2023 का बताया जा रहा था। जिस महिला और उसके पोते की पिटाई की गई वह जीआरपी के हिस्ट्रीशीटर दीपक वंशकार की मां और बेटा था। दीपक के खिलाफ जीआरपी में 13 मामले दर्ज थे।
पांचवीं घटना : भिंड की कुंवारी नदी में डूबे एसडीआरएफ के दो जवान

21 अगस्त को भिंड की कुंवारी नदी में फंसे एक युवक का रेस्क्यू करने पहुंची एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर इमरजेंसी रिस्पॉन्स फोर्स) टीम की नाव पलट गई थी। इससे दो जवान बह गए। ये हादसा शाम को 6 से 7 बजे के बीच हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही जवानों ने बोट नदी में डाली, तभी बोट भंवर में फंसकर पलट गई। बोट पर 4 लोग सवार थे, जिनमें 3 जवान और 1 गांव का गोताखोर था। मौके पर मौजूद गांव के लोगों ने रस्सी के सहारे गोताखोर और एक जवान को बचा लिया। लेकिन, बाकी के दो जवानों की जैकेट निकल गई और वे गहराई में चले गए।
छठवीं घटना : तेंदुए ने एएसआई की गर्दन दबोची

शहडोल के खितौली गांव के शोभाघाट पर 20 अक्टूबर को 50 से ज्यादा लोग पिकनिक मनाने गए थे। शाम को सभी खा-पीकर अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे, तभी एक तेंदुआ दौड़ता नजर आया। सभी को लगा कि इतने सारे लोगों को देखकर तेंदुआ भाग जाएगा। वह कुछ समय के लिए नजरों से ओझल हो गया। इसके कुछ देर बाद वह दूसरी तरफ से आया और लोगों पर अटैक किया। इस दौरान उसने एक युवती की खोपड़ी का हिस्सा नोंच लिया। पुलिस के एएसआई नितिन समदरिया भी परिवार के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे थे। तेंदुए ने एएसआई की गर्दन दबोच ली। इसके बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सातवीं घटनरा : पंजाब के शूटरों ने की हत्या, कनाडा से दी गई थी सुपारी

ग्वालियर में 7 नवंबर की शाम 7 बजे जसवंत सिंह गिल उर्फ सोनी सरदार की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। ग्वालियर पुलिस के इनपुट पर पंजाब पुलिस ने दो दिन के भीतर शूटरों को गिरफ्तार किया। जसवंत की हत्या आठ साल पहले सुखविंदर सिंह के मर्डर का बदला लेने के लिए की गई थी। सुखविंदर के मर्डर के आरोप में जसवंत जेल की सजा काट रहा था। वह पैरोल पर छूटा था। सुखविंदर के कनाडा में बैठे भाई सतपाल सिंह सरदार ने 2.5 लाख रुपए में सुपारी देकर जसवंत की हत्या कराई। सतपाल का ससुराल पंजाब में है। वहां से उसने शूटर्स का इंतजाम किया। ग्वालियर में रेकी और डील के लिए उसने रई मस्तूरा गांव निवासी रिश्तेदार जीते उर्फ जीता सरदार का सहारा लिया था। जसवंत की हत्या करने वाले दोनों बदमाश कनाडा के गैंगस्टर अर्शदीप डल्ला से जुड़े हैं।
आठवीं घटना ब्रेनडेड पत्नी की मांग में सिंदूर भरकर अंगदान के लिए किया विदा

शाजापुर के रहने वाले भूपेंद्र और उनकी पत्नी मनीषा सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों 3 नवंबर को भाई दूज के दिन इंदौर आए थे। लौटते समय मक्सी रोड पर हादसे का शिकार हो गए। दोनों को गंभीर हालत में इंदौर के सीएचएल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों अस्पताल में पास-पास एडमिट थे। 6 नवंबर को डॉक्टरों ने पत्नी को ब्रेन डेड घोषित कर दिया। पति भूपेंद्र ने ब्रेन डेड पत्नी की किडनी और आंखें डोनेट करने की इच्छा जताई। जब पत्नी को अंगदान के लिए ले जाया जा रहा था तो पति भूपेंद्र ने पत्नी की मांग में सिंदूर भरकर आखिरी विदाई दी। ये दृश्य देखकर हर किसी की आंखें डबडबा गईं।
नवमीं घटना आतंकवाद के खिलाफ निकाले गए मशाल जुलूस में 50 लोग झुलसे

29 नवंबर को खंडवा में आतंकवाद के खिलाफ निकाले जा रहे मशाल जुलूस में उस समय भगदड़ मच गई, जब मशाल रखने के दौरान अचानक आग भड़क गई। इस घटना में 50 से ज्यादा लोग झुलस गए। दरअसल, शहर के घंटाघर पर जब मशाल मार्च का समापन हो रहा था, तब कुछ मशालें उल्टी हो गईं। उनमें जो बुरादा और तेल था, उससे आसपास की मशालें भभक गईं। इससे वहां घेरा बनाकर खड़े लोग झुलस गए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। 30 लोगों को जिला अस्पताल लाया गया था। उनमें से 12 लोगों को भर्ती किया गया। बाकी को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया। पुलिस ने हिंदूवादी नेता व व्यापारी अशोक पालीवाल समेत 18 लोगों पर केस दर्ज किया है।
दसवीं घटना : पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के दोस्त की गाड़ी में मिला 52 किलो सोना-कैश

19 दिसंबर को लोकायुक्त पुलिस ने आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा के घर छापा मार कार्रवाई की। इस दौरान लोकायुक्त ने करीब 8 करोड़ की बेनामी संपत्ति जब्त की। इस दिन सौरभ के घर के पास से एक गाड़ी निकली और मेंडोरा के फार्म हाउस के पास इनकम टैक्स के अधिकारियों को मिली। इस कार से इनकम टैक्स ने 52 किलो सोना और 11 करोड़ रुपए जब्त किए। ये कार सौरभ के दोस्त चेतन गौर के नाम से रजिस्टर्ड थी। लोकायुक्त छापे के दौरान ही कार कैसे निकली? इसे लेकर अभी भी संशय की स्थिति है। ईडी ने भी एक हफ्ते बाद सौरभ के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की थी।