विदिशा। 
विदिशा जिले में खराब सड़कों और बढ़ते गड्ढों के विरोध में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर और जिले के विभिन्न स्थानों पर सड़क के गड्ढों की पूजा-अर्चना कर भाजपा सरकार, नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले में सड़क निर्माण और रखरखाव की स्थिति बेहद खराब है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कहा कि विदिशा जिले में भाजपा सरकार, भाजपा शासित नगर पालिका, भाजपा विधायक और सांसद होने के बावजूद सड़कों की हालत बदतर है। उन्होंने बताया कि जिलेभर में सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, और बरसात में पानी भरने से हादसों का खतरा बढ़ जाएगा। इसी आशंका को लेकर कांग्रेस ने सांकेतिक रूप से गड्ढों की पूजा कर जनहानि न होने की प्रार्थना की। रघुवंशी ने आरोप लगाया कि जनता ने भाजपा जनप्रतिनिधियों को विकास के लिए चुना था, लेकिन वे समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नेता बोले- पूरे जिले की सड़कें खराब
कांग्रेस नेता रवि साहू ने भी कहा कि केवल विदिशा शहर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले की सड़कें खराब हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की सड़कों का निर्माण लंबे समय से राजनीतिक खींचतान और प्रशासनिक लापरवाही के कारण अटका हुआ है। साहू ने बताया कि विधायक, सांसद और नगर पालिका अध्यक्ष सभी भाजपा से हैं, इसके बावजूद सड़क निर्माण के वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गड्ढों की पूजा कर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो पार्टी कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी दिनों में जिले के दौरे पर आने वाले केंद्रीय मंत्री एवं सांसद शिवराज सिंह चौहान से भी सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल पूछे जाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह प्रदर्शन जनता की सुरक्षा और सड़क सुधार की मांग को लेकर किया गया है, ताकि बरसात के मौसम में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।