उमरिया।
LPG क्राइसिस के बीच एमपी के नौरोजाबाद में लोगों आफत बन गई, जब गैस लेने के लिए लाइन में लगे लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। हमला इतना खतरनाक था, कि लोगों को गैस सिलेंडर तक छोड़कर यहां-वहां भागना पड़ा। मधुमक्खियों के हमले में कई लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी अनुसार उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े उपभोक्ताओं पर मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। घटना सहकारी समिति के गोदाम परिसर की है, जहां दर्जनों की संख्या में लोग मौजूद थे।
सिलेंडर छोड़कर जान बचाने भागे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलेंडर वितरण की प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक कहीं से मधुमक्खियों का झुंड आया और लोगों पर टूट पड़ा। हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपना सामान और यहां तक कि सिलेंडर भी वहीं छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
मधुमक्खियों के डंक से कई लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। घायलों को तत्काल नौरोजाबाद के क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग शोर मचाते और छिपने की जगह ढूंढते नजर आ रहे हैं।