उज्जैन में जमीनी विवाद: कांग्रेस नेता ने किसानों पर तानी पिस्टल, बोले- 'चले जाओ वरना गोली मार दूंगा'
उज्जैन।
उज्जैन जिले के महिदपुर में जमीन विवाद को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रताप सिंह गुर पर किसानों को पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरियादी गोविंद सेन निवासी ग्राम डेलचीबुजुर्ग ने शिकायत में बताया कि 18 जून की शाम करीब 6:30 बजे वह ईसनखेड़ी तिराहे के पास अपने खेत पर रखे सुफले (भूसा) को भरने गए थे। इसी दौरान प्रताप सिंह गुर अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचे और जेसीबी से खेत के पास खाई खुदवाने लगे।
खेत के पास खाई खोदने से मना करने पर विवाद
गोविंद सेन के मुताबिक, उन्होंने और उनके भाई ने खेत के पास खाई खोदने से मना किया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि प्रताप सिंह गुर और उनके साथ आए लोगों ने गाली-गलौज की। गोविंद ने अपने परिवार को सूचना दी। इसके बाद उनके पिता दिनेश सेन, राजाराम सेन, मुन्नालाल सेन, कृष्णपाल सेन और लखन सेन मौके पर पहुंचे। शिकायत के अनुसार, परिवार ने समझाने की कोशिश की तो प्रताप सिंह गुर ने कमर से पिस्टल निकालकर उनकी ओर तान दी और कहा, “जेसीबी तो यहीं चलेगी, यहां से चले जाओ नहीं तो जान से खत्म कर दूंगा।” घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसी के आधार पर कार्रवाई की। वीडियो में प्रताप सिंह गुर पिस्टल दिखाते और वीडियो बना रहे व्यक्ति का मोबाइल हटाते नजर आ रहे हैं।
प्रताप बोले- भाजपा नेताओं के इशारे पर FIR हुई
प्रताप सिंह गुर ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने जमीन की नपती के लिए दो बार इंतजार किया था, लेकिन बाद में उनकी जमीन पर एंगल गाड़ दिए गए। उन्हें हटाने के लिए उन्होंने जेसीबी बुलवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिनेश सेन, राजाराम सेन, मुन्नालाल सेन, कृष्णपाल सेन और लखन सेन ने उनके साथ विवाद किया और धमकाया। उनका दावा है कि बीजेपी नेताओं के कहने पर साजिश के तहत उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।

हवाई सफर में हड़कंप, दुबई-मुंबई इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग
'पंजाब को शिक्षा में नंबर 1 बनाया', केजरीवाल का भाजपा पर तीखा हमला, पेपर लीक पर भी दिया जवाब