उज्जैन। 
महिदपुर रोड थाना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय बड़ा बवाल मच गया, जब जुबैर नाम का एक युवक एक हिंदू व्यक्ति के घर में घुस गया और वहां रहने वाली युवती से गलत व्यवहार करने की कोशिश की। युवक की इस हरकत पर घरवालों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी युवक को अपने कब्जे में लेकर पुलिस के सुपुर्द किया। मामले ने बुधवार सुबह तूल पकड़ लिया, जब हिंदूवादी संगठनों ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए आरोपी का सामूहिक जुलूस निकालने और उसके मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। महिदपुर रोड नगर में लव जिहाद के इस कथित मामले को लेकर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के आह्वान पर आज नगर बंद रखा गया है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद के दशरथ राठौर का आरोप है कि बीती रात महिदपुर रोड क्षेत्र में एक युवक ने हिंदू परिवार के घर में घुसकर उनकी बेटी पर गलत नीयत रखी। घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता सक्रिय हुए और विरोध शुरू कर दिया। बजरंग दल पदाधिकारियों के अनुसार आरोपी युवक का नाम जुबैर मंसूरी उर्फ गोलू है। संगठनों का दावा है कि आरोपी पहले भी कई युवतियों के संपर्क में रहा है। इसी को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। महिदपुर रोड पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है। वहीं प्रदर्शन कर रहे हिंदू संगठनों ने प्रशासन से आरोपी का जुलूस निकालने और उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि सख्त कार्रवाई से भविष्य में ऐसे मामलों पर रोक लगेगी। प्रदर्शन कर रहे हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जुबैर मंसूरी ने क्षेत्र की 20 से अधिक महिलाओं और युवतियों को लव जिहाद में फंसा रखा है। उनका दावा है कि आरोपी के मोबाइल फोन में इन महिलाओं और युवतियों के फोटो और वीडियो मौजूद हैं। बदनामी के डर से कई पीड़ित सामने नहीं आ पा रहे हैं, जिससे ऐसे लोगों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।