सिंगरौली में 'महा-लूट': 15 मिनट, 5 बदमाश और 6 किलो सोना साफ; DGP खुद उतरे मैदान में, 3 राज्यों की पुलिस ने घेरा
सिंगरौली।
जिले के बैढ़न में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में दिनदहाड़े पांच बदमाशों ने हथियारों के बल पर बड़ी लूट को अंजाम दिया। बदमाश बैंक कर्मियों और ग्राहकों को गन पॉइंट पर लेकर करीब 20 लाख रुपये नकद और लॉकर में रखा 6 किलोग्राम सोना लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित कई आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल, बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। 6 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने और 20 लाख की नकदी की लूट के बाद सिंगरौली से लेकर भोपाल तक हड़कंप मच गया है। प्रदेश के डीजीपी, आईजी (रीवा रेंज) और डीआईजी ने साइबर टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस प्रशासन ने उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के डीजीपी से भी संपर्क साधा है। अज्ञात लुटेरों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
कैसे दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे बदमाश बाइक से बैंक पहुंचे थे। उन्होंने प्रबंधक सहित सभी कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बना लिया। बदमाश महज 15 से 20 मिनट के भीतर लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक कर दी हैं और उन पर इनाम की घोषणा भी की है।
सुरक्षा में गंभीर चूक
देर रात सिंगरौली पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती राज्यों की पुलिस के सहयोग से आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि इस पूरी घटना में बैंक प्रबंधन की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। इतनी बड़ी शाखा होने के बावजूद, वारदात के समय वहां कोई भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था।

आजादी पर रोक ही 'अरेस्ट' है: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने तय की गिरफ्तारी की लक्ष्मण रेखा।
यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की उल्टी गिनती शुरू: पीएम मोदी से मिले प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी
खत्म नहीं होगी अमृतपाल की कैद; एनएसए की अवधि बीतने के बाद भी रहेंगे डिब्रूगढ़ जेल में
स्टॉक मार्केट में हेराफेरी और 'राउंड ट्रिपिंग' का मामला; मंत्री अरोड़ा के घर पहुंची ईडी