शिवपुरी।
शिवपुरी जिले की पिछोर सीट से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी को ग्रामीणों ने रोक लिया। इलाके में बिजली-पानी नहीं मिलने की बात कही। एक महिला ने कहा, 'न लाइट है, न पानी…प्यासन मरे जात हैं।' दूसरी महिला बोली- दो-दो महीने तक अंधेरे में रहना पड़ता है, हम लोग परेशान हैं। महिलाओं ने विधायक लोधी से कहा कि पहले बिजली और पानी की व्यवस्था कराएं, तभी वोट मिलेगा। इस पर विधायक ने मुस्कुराते हुए पूछा, ‘फिर कौन को दोगे वोट, मुझे नहीं दोगे तो?’ महिलाओं ने जवाब दिया, "तुम्हीं को देंगे, लेकिन हमारी लाइट-पानी की व्यवस्था करा दो।"? पानी की शिकायत पर विधायक ने कार से बोतल निकालकर आगे बढ़ा दी। घटना शनिवार की है। इसका वीडियो सोमवार को सामने आया है। हालांकि, गांव का नाम अब तक पता नहीं चल सका है।
बच्ची को देखकर बोले- यह हमारी लाडली है
दरअसल, विधायक लोधी कार्यकर्ताओं के साथ इलाके के दौरे पर थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें समस्याओं के बारे में बताया। बातचीत के दौरान एक महिला की गोद में मौजूद बच्ची को देखकर लोधी ने कहा, “यह हमारी लाडली है।” महिला ने जवाब दिया, "लाडली प्यासी मरी जात है। लाइट भी नहीं आत। मच्छर खात हैं, सो भी नहीं पात।" इस पर विधायक ने अपनी कार से पानी की बोतल निकालकर महिलाओं की ओर बढ़ाई और कहा, “ये लो पानी।” इस पर महिलाओं ने कहा कि एक बोतल पानी से क्या होगा? मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने बताया कि गांव का ट्रांसफॉर्मर पिछले दो महीने से खराब है, जिससे बिजली पूरी तरह बंद है। इस पर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद उनकी गाड़ी आगे बढ़ गई।