शिवपुरी में खनन माफिया की दबंगई: तहसीलदार को दी गोली मारने की धमकी, बेटे से बोला- 'बंदूक लाओ, आज सबको मार दूंगा'
शिवपुरी।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में अवैध मिट्टी उत्खन्न रोकने पहुंची राजस्व टीम को खुलेआम धमकाने का मामला सामने आया है। आरोपी जयमंडल यादव ने तहसीलदार सचिन भार्गव को गोली मारने की धमकी दी। साथ ही अपने बेटे को बंदूक लाने को कहा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामले में एफआईआर दर्ज
पूरा मामला शिवपुरी जिले के बदरवास क्षेत्र का है। शिवपुरी पुलिस ने इस मामले में जयमंडल यादव, उसके पिता लाखन यादव और बेटे विकुल यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी जमीन से निकाली जा रही थी मिट्टी
जानकारी के अनुसार, बदरवास तहसील के ग्राम सड़बूड़ रोड स्थित सिंध नदी के पास शासकीय भूमि पर अवैध मिट्टी उत्खनन की सूचना मिली थी। इस पर तहसीलदार सचिन भार्गव राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में पटवारी, कोटवार और शासकीय वाहन चालक सुनील कुमार प्रजापति भी शामिल थे।
रेत उत्खनन के लिए बनाया जा रहा रास्ता
राजस्व टीम ने मौके पर देखा कि घाट तक रेत उत्खनन के लिए रास्ता बनाया जा रहा था। शासकीय भूमि पर एक हाइड्रा और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी का अवैध उत्खनन हो रहा था। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त करने का प्रयास किया, जिस पर आरोपियों ने विरोध शुरू कर दिया।
गोली मार दूंगा
इसी दौरान जयमंडल यादव ने तहसीलदार को धमकाते हुए कहा कि रुक जाइए, नहीं तो गोली मार दूंगा और जेल चला जाऊंगा। उसने कथित तौर पर अपने बेटे विकुल यादव से घर से बंदूक लाने को भी कहा, यह कहते हुए कि आज इन सबको गोली मार दूंगा। आरोपियों ने राजस्व अमले के साथ गाली-गलौज की और शासकीय कार्य में बाधा डाली। हंगामे के बीच, आरोप है कि एक हाईड्रा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से भगा दिया गया। हालांकि, मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को राजस्व अमले ने जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कोटवार सुनील कुमार प्रजापति की शिकायत पर बदरवास थाना पुलिस ने जयमंडल यादव, उसके पिता लाखन यादव और बेटे विकुल यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जौहर यूनिवर्सिटी पर फिलहाल नहीं चलेगा बुलडोजर, DM के आदेश पर लगी रोक
पेपर लीक मुद्दे पर पिघली बर्फ, सरकार और विपक्ष में बनी सहमति; कल सदन में हो सकती है चर्चा
हवाई सफर में हड़कंप, दुबई-मुंबई इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग
'पंजाब को शिक्षा में नंबर 1 बनाया', केजरीवाल का भाजपा पर तीखा हमला, पेपर लीक पर भी दिया जवाब