शिवपुरी। 
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में शनिवार को दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मामला करैरा इलाके का है। जानकारी के मुताबिक मृतक एडवोकेट का नाम संजय सक्सेना है, जो घिरियाली मोहल्ला पुराना बाजार के निवासी थे। वारदात करेरा इलाके के किले के पीछे स्थित आनंद सागर मंदिर के पास सिद्धन रोड पर हुई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमलावर पैदल आए थे या किसी गाड़ी से।
दूसरे वकील ने देखा, अस्पताल पहुंचाया
बताया जा रहा है कि वारदात के कुछ देर बाद उसी सड़क से गुजर रहे एक अन्य वकील की नजर सड़क पर पड़े संजय सक्सेना पर पड़ी। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। परिजन ने पुलिस को बताया कि संजय सक्सेना का कुछ लोगों से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते वारदात हुई है। परिजन ने कहा कि जमीन विवाद में ही आरोपियों ने मार डाला। उन्होंने 4 लोगों पर हत्या का शक जताया है।