शिवपुरी नगर पालिका में हुए भ्रष्टाचार को लेकर बीजेपी में दो फाड़
सिंधिया समर्थक नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा के विरोध में पार्षदों ने खोला मोर्चा
शिवपुरी।
चंबल के शिवपुरी में भारतीय जनता पार्टी में गुटबाजी अब सतह पर आ गई है। शिवपुरी जिले की नगर पालिका में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर विधायक देवेंद्र जैन ने नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा और तत्कालीन सीएमओ ईशांक धाकड़ पर कार्रवाई की मांग की है। इस मुद्दे पर बीजेपी के भीतर दो फाड़ साफ नज़र आने लगी है।
16 लाख का भ्रष्टाचार, एफआईआर दर्ज
मामला नगर पालिका में हुए कार्यों में 16 लाख रुपये के भ्रष्टाचार से जुड़ा है। जांच में गड़बड़ी सामने आने पर कलेक्टर के निर्देश पर एफआईआर दर्ज की गई। इस एफआईआर में नगर पालिका के दो कर्मचारियों और ठेकेदार को आरोपी बनाया गया, लेकिन कोर्ट ने टिप्पणी की कि तत्कालीन सीएमओ और अध्यक्ष भी जिम्मेदार हैं।
विधायक का पत्र और पार्षदों का मोर्चा
विधायक जैन ने भोपाल स्थित नगरीय प्रशासन के संचालक व कमिश्नर को पत्र लिखकर मांग की है कि अध्यक्ष और सीएमओ को भी आरोपी बनाया जाए। वहीं नगर पालिका के 18 से अधिक पार्षदों ने भी ज्ञापन सौंपकर यही मांग दोहराई। ज्ञात हो कि पार्षदों ने बाकायदा बगीचा सरकार हनुमान मंदिर के सामने शपथ ली है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे और ज़रूरत पड़ी तो इस्तीफे भी देंगे।
बीजेपी में दो खेमे
इस प्रकरण ने पार्टी के भीतर गहरी खाई उजागर कर दी है। एक गुट विधायक जैन के साथ है, जबकि दूसरा गुट अध्यक्ष गायत्री शर्मा और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में खड़ा है। बताया जा रहा है कि सिंधिया ने भी अपने आवास पर पार्षदों को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।
सिंधिया की छवि पर सवाल
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सिंधिया परिवार की ईमानदार छवि रही है, मगर उनकी ही संसदीय क्षेत्र की नगर पालिका भ्रष्टाचार का गढ़ बन गई है। करोड़ों के घोटालों की चर्चाओं ने पार्टी की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
संगठन की चुप्पी
प्रदेश नेतृत्व अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है। पार्षदों के इस्तीफे कलेक्टर द्वारा खारिज कर दिए गए थे और अध्यक्ष को हटाने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया, लेकिन फाइल अब तक अटकी हुई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन फिलहाल राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन और प्रदेशीय समीकरणों का इंतजार कर रहा है, जिसके चलते अनिर्णय की स्थिति बनी हुई है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ सिस्टम, 7 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
जिस वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार थे भागवत........उस पर हरदोई में हुई पत्थरबाजी 