शिवराज 'पागल' हो गए हैं, सस्ता नशा करते हैं... पूर्व विधायक कुणाल चौधरी के बिगड़े बोल, सियासी भूचाल
शाजापुर।
मध्य प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग अब मर्यादा की सीमाएं लांघने लगी है। शाजापुर में आयोजित कांग्रेस के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कालापीपल से पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर बेहद निजी और आपत्तिजनक हमला किया है। कुणाल चौधरी ने शिवराज सिंह चौहान के मानसिक संतुलन पर सवाल उठाते हुए उन्हें 'पागल' तक कह दिया।
"सस्ता नशा करने लगे हैं शिवराज"
किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरने पहुंचे कुणाल चौधरी मंच से काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के संसद में दिए गए बयानों पर तंज कसते हुए कहा: "मुझे लगता है कि शिवराज सिंह चौहान पागल हो चुके हैं। उनका मानसिक संतुलन पूरी तरह खराब हो चुका है। वो आजकल कुछ भी बोल रहे हैं, ऐसा लग रहा है जैसे वे सस्ता नशा करने का काम कर रहे हैं।" किसानों की आय वाले दावे पर भड़के कुणाल दरअसल, विवाद की जड़ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का संसद में दिया गया वह बयान है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि देश में किसानों की आय दोगुनी से लेकर आठ गुनी तक बढ़ गई है। इसी दावे को 'सफेद झूठ' करार देते हुए कुणाल चौधरी ने कहा कि जमीनी हकीकत पर किसान पाई-पाई को मोहताज है, जबकि मंत्री जी दिल्ली में बैठकर काल्पनिक आंकड़े पेश कर रहे हैं।
भाजपा का पलटवार तय
कुणाल चौधरी के इस विवादित बयान के बाद प्रदेश में सियासी पारा चढ़ना तय माना जा रहा है। शिवराज सिंह चौहान जैसे कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री के खिलाफ "पागल" और "नशे" जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने पर भाजपा कांग्रेस को आड़े हाथों ले सकती है।

बंगाल चुनाव 2026: बीजेपी का घोषणापत्र जारी, 7वें वेतन आयोग लागू कर 3 हजार रुपये तक मासिक लाभ का वादा
अवैध रेत खनन में बढ़ती हिंसा पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, फॉरेस्ट गार्ड हत्या मामले में 13 को सुनवाई
सिर्फ अनाज उगाने से नहीं बढ़ेगी आय, खेती में बदलाव जरूरी
पाटन में प्रॉपर्टी विवाद बना हिंसक, गोलीबारी में अधेड़ पर जानलेवा हमला