गैस की किल्लत पर कांग्रेस का हल्ला बोल: चौराहे पर जलाया चूल्हा, सिलेंडर को पहनाई माला
शाजापुर।
घरेलू गैस की किल्लत को लेकर अब एमपी में धरना-प्रदर्शन और विरोध का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के शुजालपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की डिलेवरी में 8 दिन तक की वेटिंग और कामर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बंद होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस चौकी चौराहा पर चूल्हा जलाकर गैस सिलेंडर को माला पहनाई और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'नाम नरेन्द्र, काम सरेंडर' के नारे लगाए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नोटबंदी से लेकर अब गैस सिलेंडर तक आम जनता को कतारों में खड़ा कर परेशान किया जा रहा है। युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष चिराग परमार ने कहा कि शहर में होटल और रेस्टोरेंट पर तवा रोटी मिलना बंद हो गई है। टिफिन सेंटर को भी सिलेंडर डिलेवरी नहीं मिलने से घर से दूर रहकर नौकरी करने वाले लोगों को भोजन नहीं मिल पा रहा है।
चूल्हे खोदकर खाना बनाने की नौबत आ गई
परमार ने कहा कि शादी समारोहों में भी सिलेंडर नहीं मिलने से चूल्हे खोदकर खाना बनाने की स्थिति बन गई है। प्रदर्शन में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मंगल सिंह राठौड़, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रचना जैन, पूर्व पार्षद महेंद्र नाहर, देवेंद्र परमार, पार्षद बल्ला सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशासन के गैस उपलब्धता के दावों पर सवाल
पर्याप्त उपलब्धता के दावों पर सवाल उठा रहे लोग जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा सोशल मीडिया पर जिले के विभिन्न अनुभागीय अधिकारियों के वीडियो पोस्ट किए हैं, जिनमें अधिकारी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहे हैं। इस पोस्ट पर भी आम नागरिक सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों ने बताया कि वह गैस सिलेंडर के लिए किस तरह परेशान हो रहे हैं। वहीं कुछ यूज़र ने घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का मामला भी उठाया। उन्होंने पोस्ट पर लिखा कि अधिकारी फील्ड में उतरकर निरीक्षण करें और कालाबाजारी पर नियंत्रण करें।

झाक मठ के मठाधीश महंत पारसनाथ का शव पानी के कुंड में तैरता मिला
CM मोहन यादव बोले- “MP में गैस की कोई किल्लत नहीं, राहुल गांधी राजनीति कर रहे हैं”
धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में प्रिंसिपल को हाई कोर्ट से राहत नहीं, केस चलेगा