अमरपाटन विधायक की बढ़ी मुश्किलें: विधायक निधि के कार्यों में राहुल-सोनिया की फोटो पर मचा बवाल, कलेक्टर से शिकायत
अमरपाटन।
अमरपाटन से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री राजेंद्र कुमार सिंह अपने विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों में नियमों का पालन नहीं किए जाने के मामले में उलझ सकते हैं। दरअसल विधायक सिंह ने अपने क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों प्रवेश द्वार, साइब बोर्ड और तोरण द्वार में राहुल गांधी और सोनिया गांधी की तस्वीरें लगाई हैं। इसे नियम विरुद्ध बताते हुए उनके विरुद्ध शिकायत की गई है।
कथित अनियमितता को लेकर जिला कलेक्टर को शिकायत दी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विधायक निधि से निर्मित प्रवेश द्वार, साइन बोर्ड और तोरण द्वारों पर अन्य प्रदेश के सांसदों और राजनीतिक व्यक्तियों की फोटो व प्रचार सामग्री लगाई गई है, जो नियमों के विरुद्ध है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के अधिवक्ता ब्रह्ममूर्ति तिवारी ने कलेक्टर मैहर को भेजे पत्र में कहा है कि विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MLA LAD) के दिशा-निर्देशों के अनुसार विधायक निधि का उपयोग केवल सार्वजनिक विकास कार्यों के लिए किया जा सकता है। किसी भी निर्माण कार्य या सार्वजनिक संपत्ति पर किसी राजनीतिक व्यक्ति, दल या बाहरी जनप्रतिनिधि का प्रचार, फोटो या नामांकन करना प्रतिबंधित है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सरकारी पैसे से बनाए गई परिसंपत्ति पर राजनीतिक विज्ञापन, बैनर, फोटो या प्रचार सामग्री लगाना वित्तीय अनुशासन और शासन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है। तिवारी के पत्र में मध्यप्रदेश वित्तीय संहिता और पंचायत एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 का भी हवाला दिया गया है, जिसके अनुसार सरकारी संसाधनों का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता। अधिवक्ता तिवारी ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, नियमों के विरुद्ध लगाए गए फोटो और प्रचार सामग्री को तत्काल हटाने तथा विधायक निधि से किए गए खर्च का विशेष ऑडिट कराने की मांग की है। साथ ही दोषी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने और सरकारी धन के दुरुपयोग की राशि की वसूली करने की भी मांग की गई है। इस संबंध में प्रधानमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, वित्त मंत्री और लोक निर्माण मंत्री को भी शिकायत की कॉपी भेजी गई है। तिवारी ने कहा है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों ही नेताओं के फोटो नियम विरुद्ध लगवाए जा रहे हैं। नियमानुसार सिर्फ पीएम के फोटो लग सकते हैं। साथ ही पीएम की फोटो के साथ सीएम और स्थानीय विधायक के फोटो लगाए जा सकते हैं। अमरपाटन क्षेत्र के कामों में ऐसा नहीं है।

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई की सैलरी में छप्परफाड़ इजाफा, जानें पूरा गणित