सीएम मोहन यादव को काले झंडे दिखा रहे कांग्रेसी को कलेक्टर ने मारी लाठी, काफिले के करीब पहुंच गए थे लोग
शहडोल।
सीएम मोहन यादव एक दिवसीय दौरे पर शहडोल गए थे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता उनके काफिले के सामने काले झंडे लेकर आ गए। सीएम के काफिले के सामने ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। जवान सड़कों पर उतरकर सीएम के कारकेड को वहां से निकालने लगे। वहीं, कलेक्टर को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा है। कॉन्स्टेबल से लाठी लेकर उन्होंने खुद ही एक कांग्रेस कार्यकर्ता को लाठी मारी है।
बड़ी प्रशासनिक चूक है यह
दरअसल, सीएम मोहन यादव का कार्यक्रम पहले से तय था। ऐसे में प्रशासन के स्तर पर भी उनकी सुरक्षा को लेकर तैयारी की जाती है। मगर यहां बड़ी प्रशासनिक चूक सामने आई है। सुरक्षा व्यवस्था को नजरअंदाज कर कांग्रेस के कार्यकर्ता सीएम के काफिले तक पहुंच गए। उन्हें काले झंडे दिखाने लगे। मोहन यादव लालपुर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद कार्यक्रम स्थल धनपुरी की ओर जा रहे थे।
तिराहे पर दिखाने लगे काले झंडे
मुख्यमंत्री के काफिले को गोपालपुर तिराहे के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क में उतरकर काले झंडे दिखाते हुए रोकने की कोशिश की। इस दौरान स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई, जिससे प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। कांग्रेसियों ने अपने विरोध प्रदर्शन की सूचना पहले ही प्रशासन को दे दी थी। इसके बावजूद सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन में भारी चूक सामने आई। विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता काफिले के काफी करीब पहुंच गए और सड़क पर कूद-कूदकर नारेबाजी करते हुए काले झंडे दिखाए।
कलेक्टर ने मारी लाठी
काले झंडे दिखाने में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताएं भी नजर आ रही थी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को नजरबंद कर थाने ले जाया गया और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इसी दौरान एक और विवाद तब खड़ा हो गया, जब विरोध कर रहे कांग्रेसी पर शहडोल कलेक्टर केदार सिंह द्वारा लाठी भांजी गई। प्रशासन की कार्यशैली और अधिकारियों की भूमिका पर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। गौरतलब है कि वीडियो सामने आने के बाद यह दिख रहा है कि प्रशासनिक स्तर पर बड़ी चूक हुई है। जैसे-तैसे वहां से सीएम के काफिले को निकाला गया है। ऐसे में देखना होगा कि ये सब किनकी चूक के कारण हुआ है। इस पूरे मामले पर शहडोल कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारियों का बर्बरता पूर्वक रवैया रहा। कांग्रेसियों के साथ किया गया बरताव लोकतंत्र में कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में कांग्रेस बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना