सिवनी में सत्ता का नशा: भाजपा नेता पर ढाबे में तोड़फोड़ और रिटायर्ड शिक्षक से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल
सिवनी ।
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में भारतीय जनता पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष भारत कुशवाहा पर गुंडागर्दी के गंभीर आरोपों ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। आरोप है कि उन्होंने ढाबे पर विवाद के बाद रिटार्यड टीचर से मारपीट की और तोड़फोड़ की। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पुलिस ने पीड़ित और आरोपी दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, घंसौर थाना क्षेत्र के केदारपुर गांव में एक ढाबे पर शराब पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भारत कुशवाहा और उनके साथियों ने ढाबे पर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान न सिर्फ संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, बल्कि वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग ढाबे में हंगामा करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
घटना में ढाबा संचालक के पिता टीकाराम मिश्रा, जो एक रिटायर्ड शिक्षक हैं, के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
वहीं, पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करते हुए आरोपियों के साथ-साथ पीड़ित पक्ष पर भी मामला दर्ज कर लिया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आगे कार्रवाई किस दिशा में जाती है।

“दुर्घटना नहीं, लापरवाही”: बस हादसे पर पटवारी का हमला, सीएम Mohan Yadav पर निशाना
इंदौर इंजीनियर मौत केस: पेंटहाउस में विदेशी महिलाओं और संदिग्ध गतिविधियों का खुलासा