सिवनी। 
जिले के केवलारी से कांग्रेस विधायक ठाकुर रजनीश सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी। विधायक ने अपनी ही पार्टी के जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी को गलती से ‘स्वर्गीय’ लिख दिया, जबकि वे जीवित हैं और तस्वीरों में स्वयं उनके साथ खड़े नजर आ रहे थे। दरअसल, विधायक रजनीश सिंह ने ग्राम चुटका से एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वे “जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष स्व. श्री नरेश मरावी जी के देवलोक गमन के पश्चात उनके निवास पहुंचकर फूल-माला अर्पित की।” पोस्ट में साझा की गई तस्वीरों में नरेश मरावी विधायक के साथ खड़े दिखाई दे रहे थे। इसे देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने हैरानी जताई और मामला चर्चा का विषय बन गया। जानकारी के अनुसार, विधायक रजनीश सिंह नरेश मरावी की माता के निधन पर शोक व्यक्त करने उनके निवास पहुंचे थे। वहीं की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा कीं, लेकिन पोस्ट लिखते समय गलती से नरेश मरावी के नाम के आगे ‘स्वर्गीय’ शब्द जोड़ दिया गया। जैसे ही यह त्रुटि लोगों की नजर में आई, सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। बाद में विधायक की ओर से पोस्ट में सुधार कर दिया गया। इस मामले पर सफाई देते हुए विधायक रजनीश सिंह ने कहा कि यह उनके कर्मचारियों की भूल थी। हालांकि, सफाई के बावजूद इस घटना को लेकर विधायक की काफी किरकिरी हुई और विपक्षी दलों ने भी इस पर तंज कसा। राजनीतिक गलियारों में इसे सोशल मीडिया प्रबंधन में लापरवाही का उदाहरण माना जा रहा है।