सिवनी। 
सिवनी में 8-9 अक्टूबर की दरमियानी रात हुए 3 करोड़ रुपए के हवाला लूट मामले में जबलपुर क्राइम ब्रांच ने बालाघाट के डीएसपी पंकज मिश्रा, साइबर सेल के कॉन्स्टेबल प्रमोद सोनी और पंजू गिरी गोस्वामी और पूजा पांडे के जीजा वीरेंद्र दीक्षित को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। यह गिरफ्तारी उन तथ्यों के सामने आने के बाद हुई है, जो जांच के दौरान उजागर हुए थे। इस मामले में पहले ही सिवनी एसडीओपी रहीं पूजा पांडे सहित 11 पुलिसकर्मी जेल में हैं। पूजा पांडे को रीवा जेल में रखा गया है, जबकि 10 अन्य पुलिसकर्मियों को नरसिंहपुर जेल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया
लूटकांड सामने आने के बाद से लगातार जांच जारी थी। क्राइम ब्रांच ने तकनीकी आधार और गोपनीय सूचनाओं के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा और आरोपियों की संलिप्तता पाई। हिरासत में लेकर पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए। पुलिस ने कार्रवाई पूरी कर सभी चार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
ASP बोले- आरोपी हवाला लूट कांड के आपराधिक षड्यंत्र में शामिल
जांच अधिकारी और क्राइम ब्रांच जबलपुर के एडिशनल एसपी जीतेंद्र सिंह ने बताया कि चारों आरोपी हवाला लूट कांड के आपराधिक षड्यंत्र में शामिल थे। उन्होंने यह भी बताया कि मेटा से कोई डेटा नहीं मंगाया गया है, लेकिन मुख्य आरोपी पूजा पांडे के मोबाइल में पंकज मिश्रा का नंबर 'पंकज सर' के नाम से सेव था।