सीहोर।
वीआईटी यूनिवर्सिटी (VIT भोपाल-सीहोर कैंपस) में मंगलवार-बुधवार की रात उस समय भयंकर बवाल मच गया जब खराब मेस फूड और दूषित पानी से पीलिया फैलने और गार्डों द्वारा छात्रों की पिटाई के वीडियो वायरल हो गए। गुस्साए करीब 4000 छात्रों ने कैंपस में खड़ी बसें, कारें और फर्नीचर में आग लगा दी और जमकर तोड़फोड़ की। हंगामा इतना बढ़ गया कि 5 थानों की पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात करनी पड़ी।
छात्रों का दावा 100+, कॉलेज बोला- 33 बीमार
छात्रों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से मेस में घटिया खाना और गंदा पानी दिया जा रहा है। इसके चलते अब तक 100 से ज्यादा छात्रों को पीलिया हो चुका है। कुछ छात्रों की हालत इतनी गंभीर है कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, और छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ की मौत भी हो चुकी है। जब छात्रों ने शिकायत की तो सिक्योरिटी गार्ड्स ने उनके साथ मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना ने पूरे कैंपस को आग की तरह भड़का दिया। हालांकि कॉलेज प्रशासन का मानना है कि 33 बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली है।
SDOP बोले- वीडियो से मारपीट की पुष्टि
आष्टा SDOP आकाश अमलकर ने बताया कि मारपीट के वीडियो मिले हैं जिनमें वार्डन और गार्ड छात्रों को पीटते दिख रहे हैं। मामले में बलवा, आगजनी और तोड़फोड़ के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कैंपस में खड़ी 20 से ज्यादा बसें और कारें आग के हवाले कर दीं। तोड़फोड़ में लाइब्रेरी और मेस का सामान भी नष्ट हो गया। हंगामा रात 2 बजे तक चला, जिसके बाद भारी पुलिस बल पहुंचा।