सतना। 
सतना में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहंत शुक्रवार को भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-2 के मैदान में विधि-विधान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें कुल 105 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी और सांसद गणेश सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचकर वर-वधु को आशीर्वाद दिया।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिल रहा सहयोग
कार्यक्रम को लेकर नगर निगम महापौर योगेश ताम्रकार ने बताया कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। इसके माध्यम से दहेज प्रथा और अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने के साथ ही सामाजिक समरसता और महिला सम्मान को बढ़ावा मिलता है।
डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली बारात
आयोजन की खास बात यह रही कि बारात पारंपरिक और आधुनिक अंदाज में निकाली गई। सभी दूल्हे ‘व्यंकटेश लोक’ से तैयार होकर बारात लेकर निकले। बारात में महापौर योगेश ताम्रकार, परिषद अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी बाराती बने। दूल्हे ई-रिक्शा में सवार थे और डीजे व बैंड-बाजे की धुन पर बारात विवाह स्थल तक पहुंची। विवाह स्थल पर वधु पक्ष की ओर से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बारात का तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद रीति-रिवाजों के अनुसार सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के अंत में नवविवाहित जोड़ों को उपहार भी प्रदान किए गए।