गढ़ाकोटा के रहस मेले में गूंजा 'कजरारे-कजरारे', सिंगर ने 'मंत्री जी' कहा तो मुस्करा उठे गोपाल भार्गव!
सागर।
भाजपा के सबसे वरिष्ठ विधायक और पूर्व कद्दावर मंत्री गोपाल भार्गव एक बार फिर चर्चा में हैं। मामला उनके विधानसभा क्षेत्र गढ़ाकोटा में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 'रहस मेले' का है, जहाँ एक लेडी सिंगर के संबोधन ने सियासी गलियारों में मुस्कुराहट और चर्चा दोनों छेड़ दी है।
मंच से हुई 'कजरारे' की फरमाइश
मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गोपाल भार्गव पूरे रौ में नजर आए। उन्होंने मंच पर मौजूद लेडी सिंगर से अपने पसंदीदा तड़कते-भड़कते गाने ‘कजरारे कजरारे तेरे कारे कारे नैना’ को सुनाने की फरमाइश की। फरमाइश के बाद माहौल पूरी तरह फिल्मी हो गया, लेकिन असली चर्चा गाने से पहले शुरू हुई।
जब सिंगर ने कह दिया 'मंत्री जी'
गाना शुरू करने से पहले सिंगर ने जब मंच से गोपाल भार्गव का अभिवादन किया, तो उन्हें ‘मंत्री जी’ कहकर संबोधित कर दिया। गौरतलब है कि वर्तमान सरकार में गोपाल भार्गव फिलहाल सिर्फ विधायक हैं और लंबे समय से उनके मंत्री बनने की अटकलें चलती रही हैं। उन्हें राजनीतिक हलकों में ‘मंत्री इन वेटिंग’ भी कहा जाता है।
पल भर की खुशी और पुराना दर्द
जैसे ही सिंगर ने उन्हें 'मंत्री' पुकारा, वहां मौजूद लोग चटखारे लेने लगे। जानकारों का कहना है कि भले ही यह सिंगर की चूक रही हो, लेकिन नौ बार के विधायक भार्गव को यह संबोधन सुनकर यकीनन सुकून मिला होगा। बता दें कि भार्गव कई सार्वजनिक मंचों से मंत्री न बन पाने का अपना दर्द मजाकिया लहजे में जाहिर कर चुके हैं।
सोशल मीडिया पर अब इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग गोपाल भार्गव की 'मंत्री बनने की अधूरी हसरत' से जोड़कर देख रहे हैं।
ज्ञात हो कि गोपाल भार्गव मध्य प्रदेश की राजनीति के वो दिग्गज हैं जिन्होंने लगातार 9 बार चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनाया है, फिर भी इस बार कैबिनेट में उनकी जगह को लेकर सस्पेंस बरकरार है।

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भी महाकाल मंदिर में गैस संकट नहीं