भोपाल/सागर।
मध्य प्रदेश में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए बनाए गए मध्य प्रदेश प्रदूषण निवारण मंडल पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे हैं। सागर के वरिष्ठ डॉक्टर सर्वेश जैन ने शिकायत पत्र में कहा कि मंडल के कुछ प्रतिनिधि बिना वैध आईडी और औपचारिक आदेश के निजी अस्पतालों और नर्सिंग होमों में घुसकर वसूली कर रहे हैं। डॉक्टर जैन ने आरोप लगाया कि मंडल के प्रतिनिधि पूरी तरह अनियंत्रित हैं और उन्हें कोई प्रमाण पत्र या कोर्ट का आदेश नहीं है, फिर भी वे औचक निरीक्षण का बहाना बनाकर अस्पतालों में घुसपैठ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उगाही सालों से जारी है और अब तेजी से बढ़ गई है। शिकायत में यह भी बताया गया कि मंडल ने स्टाफ की कमी के बावजूद प्राइवेट दलालों को नियुक्त किया है, जो बोर्ड के नाम पर वसूली कर रहे हैं। डॉक्टर जैन ने सचिव अचुत्यानंद मिश्र के एक्सटेंशन के बाद वसूली की गति में कई गुना वृद्धि होने की भी बात कही।
सर्वेश जैन ने मांग की है कि रीजनल ऑफिस के कर्मचारियों को भोपाल तलब किया जाए और मामले की एसआईटी जांच कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह उगाही नहीं रुकी तो निजी अस्पताल वाले हड़ताल पर जाएंगे। डॉक्टर जैन ने उप मुख्यमंत्री स्वास्थ्य से भी व्यक्तिगत रूप से मामले को उठाने की बात कही है।