मऊगंज। 
मऊगंज में नाबालिग से रेप के मामले में कोर्ट की ओर से दोषी ठहराए गए दो आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी राजू उर्फ नृपेंद्र सिंह परिहार और इंद्रपाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इन आरोपियों में एक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वर्तमान विधायक गिरीश गौतम का प्रतिनिधि बताया जा रहा है। आरोपी इंद्रपाल सिंह की पत्नी मऊगंज जनपद अध्यक्ष हैं।
फरार दो अपराधियों पर इनाम घोषित
एसपी मऊगंज दिलीप कुमार सोनी ने दो फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपए के इनाम की घोषण की है। एसपी ने थाना लौर में दर्ज आपराधिक प्रकरण में कोर्ट द्वारा दोष सिद्ध पाए जाने के बाद फरार अपराधियों राजू उर्फ नृपेन्द्र सिंह परिहार और इंद्रपाल सिंह दोनों निवासी ग्राम खुझवा पर ईनाम की घोषणा की है। इन अपराधियों की गिरफ्तारी अथवा गिरफ्तारी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना देने वाले को इनाम की राशि दी जाएगी। इनाम की घोषणा पुलिस रेग्युलेशन एक्ट के प्रावधानों के तहत की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मऊगंज का निर्णय अंतिम रूप से मान्य होगा।
1 साल से पुलिस की गिरफ्त से बाहर है आरोपी
यह मामला मऊगंज में नाबालिग से रेप के एक चर्चित प्रकरण से जुड़ा है। कोर्ट की ओर दोषसिद्ध किए जाने के बावजूद दोनों आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। एसपी ने दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए यह इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार, कोर्ट के आदेश के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। कोर्ट की ओर से आरोपियों के खिलाफ उद्‍घोषणा (प्रोक्लेमेशन) की कार्रवाई भी की जा चुकी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर निर्धारित तिथि तक आरोपियों ने आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी।
आरोपियों के संबंध में जानकारी देने पर मिलेगा 10 हजार का इनाम
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय के आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस ने यह भी कहा है कि आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित इनाम दिया जाएगा।