'उल्टा टांग दूंगा, SP-TI के पास भागते फिरोगे...' रतलाम में टोल मैनेजर को भाजपा नेता की खुलेआम धमकी, ऑडियो वायरल
रतलाम।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के आईटी सेल प्रभारी शुभम गुर्जर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। रतलाम के चिकलिया फोरलेन टोल प्लाजा मैनेजर अरिजीत दास गुप्ता को कथित रूप से धमकाने का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में भाजपा नेता खुलेआम टोल मैनेजर को धमकाते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो में कथित तौर पर शुभम गुर्जर कहते सुनाई दे रहे हैं - लॉ एंड ऑर्डर बिगाड़ना है तो क्लियर कर लो… फोकट उंगली मत करो… ज्यादा होशियारी सूझेगी तो उल्टा कर टांग दूंगा… SP और TI के पास भागते फिरोगे…
मामले को लेकर टोल मैनेजर ने बिलपांक थाना पुलिस को शिकायत सौंपते हुए शुभम गुर्जर पर गाली-गलौज, सरकारी काम में बाधा, कर्मचारियों को डराने-धमकाने और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पहले भी विवादों में रह चुका है नाम
शिकायत में दावा किया गया है कि शुभम गुर्जर पहले भी टोल प्लाजा पर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। 12 फरवरी 2024 को भी बिलपांक थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। उस दौरान टोल कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर धमकाने और मारपीट करने का CCTV वीडियो सामने आया था, जिसने प्रदेशभर में हड़कंप मचा दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद तत्कालीन एसपी राहुल लोढ़ा ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कराया था। इसके बाद तत्कालीन भाजयुमो जिलाध्यक्ष विप्लव जैन ने शुभम गुर्जर को जिला उपाध्यक्ष पद से हटा दिया था।
2 महीने फरार रहने के बाद किया था सरेंडर
केस दर्ज होने के बाद शुभम गुर्जर करीब दो महीने तक फरार रहा था। बाद में उसने कोर्ट में सरेंडर किया। हालांकि, विवादों के बावजूद दो माह पहले ही उसे फिर से भाजयुमो में आईटी सेल प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
टोल स्टाफ में डर का माहौल
टोल प्रबंधन का कहना है कि आरोपी के डर से कर्मचारी भय में काम कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि जब भी बाहर जिलों की गाड़ियों से टोल शुल्क वसूला जाता है, कई वाहन चालक सीधे शुभम गुर्जर से बात करवाते हैं और फिर धमकी देकर वाहन निकाल लिए जाते हैं। इससे Madhya Pradesh Road Development Corporation को रोजाना लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है।टोल प्रबंधन ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि टोल प्लाजा पर बिना डर के काम हो सके।

IND vs AFG: 12 साल बाद राजस्थान क्रिकेट के लिए आई बड़ी खुशखबरी
सेविकाओं से 3500 रुपये वसूलने का मामला, न देने पर रोकते हैं सैलरी
इन दो स्टॉक्स में एक की चमकेगी किस्मत, निवेशकों की नजरें
बांग्लादेश ने पाकिस्तान का किया सूपड़ा साफ, कप्तान बोले- टेस्ट क्रिकेट गलती नहीं भूलता