रतलाम में हाई-वोल्टेज ड्रामा: कलेक्ट्रेट में बिल्ली लेकर पहुंची कांग्रेस, 44 डिग्री में सड़क पर लौटे नेता; फिर पुलिस ने जो किया...
रतलाम।
सियासत में विरोध प्रदर्शन के अनोखे रंग तो आपने कई देखे होंगे, लेकिन मध्य प्रदेश के रतलाम में कांग्रेस ने जो किया, उसने सबका ध्यान खींच लिया है। पहले कुत्ता और अब बिल्ली! जी हां, विपक्षी दल कांग्रेस इस बार अपने विरोध प्रदर्शन में एक जिंदा बिल्ली लेकर सीधे कलेक्ट्रेट दफ्तर पहुंच गई। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि जिले का प्रशासन सत्ताधारी दल (भाजपा) के दबाव में 'भीगी बिल्ली' बनकर काम कर रहा है।
44 डिग्री की तपती धूप और सड़क पर लोट लगाते नेता
मामला किसानों की समस्याओं से जुड़ा था, लेकिन प्रदर्शन का तरीका बेहद आक्रामक और नाटकीय रहा। रतलाम में जब सूरज आग उगल रहा था और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका था, तब कांग्रेस के एक नेता चिलचिलाती धूप में तपती सड़क पर लोट (दंडवत) लगाते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। नेताजी सीधे कलेक्ट्रेट के भीतर ही धरने पर बैठ गए और आरोप लगाया कि अधिकारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री का पुतला फूंका, पुलिस से भिड़े कार्यकर्ता
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला फूंक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प जैसी स्थिति बन गई। बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश कर रहे कार्यकर्ताओं को काबू में करने के लिए आखिरकार पुलिस और प्रशासन को सख्त रुख अपनाना पड़ा।
भीगी बिल्ली बोलने आए थे, खुद भीगकर लौटे!
कलेक्ट्रेट परिसर में मचे इस बवाल के बाद सोशल मीडिया और शहर के चौराहों पर लोग जमकर चटकारे ले रहे हैं। लोग कह रहे हैं— "प्रशासन को भीगी बिल्ली बताने आए कांग्रेसी, भारी गर्मी में खुद भीगकर लौटे!" दरअसल, जब प्रदर्शनकारी काबू में नहीं आए तो प्रशासन ने 'वाटर कैनन' (पानी की बौछार) चलाकर उन्हें खदेड़ दिया। अब लोग मजे ले रहे हैं कि 44 डिग्री की झुलसाने वाली गर्मी में पुलिस ने पानी की बौछार मारकर कांग्रेसियों को ठंडक पहुंचा दी। विवाद और ड्रामे के अंत में एडीएम साहिबा को खुद अपने केबिन से बाहर निकलकर प्रदर्शनकारियों के बीच आना पड़ा, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने उन्हें अपना ज्ञापन सौंपा। लेकिन इस 'बिल्ली वाले प्रदर्शन' की चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है।

फैमिली डिटेल दर्ज कर राष्ट्रीय जनगणना में भाग लिया
सील फैक्ट्री की बीयर बाजार में पहुंचने से मचा हड़कंप
नक्सलवाद पर अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले- सहयोग नहीं मिला
नाबालिग के साथ रिश्तेदार का शर्मनाक कांड, रेप और वीडियो वायरल