रतलाम।
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार काफी दिनों बाद फिर से चर्चा में हैं. उन्होंने आधी रात को आदिवासी जननायक टंट्या मामा की प्रतिमा लगवा दी. एसडीएम ने प्रतिमा लगाने के लिये एनओसी नहीं दी. इसके बाद भी प्रतिमा स्थापित कर दी गई. प्रतिमा स्थापित करने को लेकर जनप्रतिनिधि और प्रशासन के अधिकारियों के बीच कुछ दिनों से तनातनी चल रही थी.
आधी रात को टंट्या मामा की प्रतिमा स्थापित
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सोमवार देर रात राजापुरा गांव में टंट्या मामा भील की प्रतिमा स्थापित करवाई. टंट्या मामा भील की मूर्ति को लेकर सैलाना एसडीएम और विधायक कमलेश्वर डोडियार के बीच ठन गई थी. सोमवार को विधायक और प्रशासन के बीच जमकर पावर गेम चला. देर रात विधायक कमलेश्वर डोडियार और अन्य आदिवासी नेताओं ने मिलकर टंट्या मामा भील की प्रतिमा को राजापुरा गांव में स्थापित किया.
जनजागृति कार्यक्रम करने की घोषणा
राजापुर ग्राम सभा के प्रस्ताव को एसडीएम की एनओसी नहीं मिली थी. जिसके बाद मूर्ति को लेकर प्रशासन और स्थानीय नेताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई. विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कहा "25 जनवरी को प्रतिमा अनावरण एवं जनजागृति कार्यक्रम आयोजित होगा. आदिवासियों के पूजनीय टंट्या मामा भील की प्रतिमा स्थापित करने से रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगे हुए थे."