शहर की फिजा बिगाड़ दूंगा...भाजपा नेता की धमकी से हड़कंप, विरोध में उतरी कांग्रेस
रतलाम।
एफआईआर दर्ज करो, तब ही आप जाओगे… घेर लो कमिश्नर को… नहीं तो रतलाम की फिज़ा बिगाड़ दूंगा।” ये शब्द भाजपा के एक पूर्व जिलाध्यक्ष के हैं। जिनको कभी रतलाम जिले की कमान संभालने को मिली थी। अब ये नेता शहर की फ़िज़ा बिगाड़ने की धमकी दे रहे हैं। इस दौरान कानून वहीं खड़ा-खड़ा सोचता रहा कि नेताजी की सियासत की गर्मी के आगे, वर्दी में नरमी दिखाई दी। सबसे रोचक तथ्य यह है कि पूरे घटनाक्रम में प्रशासन की चुप्पी इतनी गहरी रही कि वह स्वयं एक स्टे ऑर्डर जैसी प्रतीत हुई, ना तो तुरंत कानूनी कार्रवाई, ना ही सार्वजनिक रूप से कानून-व्यवस्था पर कोई स्पष्ट बयान। वही कांग्रेस ने इसे भाजपा के पूर्व और वर्तमान पार्षदों की गुटबाजी और निजी लड़ाई बताया है और कोर्ट के आदेश की अवहेलना बताया है। दरअसल मामला रतलाम के सैलाना रोड स्थित होटल के पास शासकीय भूमि की बाउंड्रीवाल तोड़ने को लेकर शुरू हुआ था। कोमल नगर स्थित प्रिंस होटल के पास शासकीय भूमि पर बनी बाउंड्रीवाल गिराने को लेकर हुआ विवाद अब राजनीतिक मोड़ ले चुका है। भाजपा नेता बजरंग पुरोहित द्वारा नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना को दी गई "खुली धमकी" और शहर की फिजा बिगाड़ने की चेतावनी के बाद कांग्रेस हमलावर हो गई है।
कांग्रेस का आरोप भ्रष्टाचार और आपसी वर्चस्व की जंग
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने इस पूरे मामले पर भाजपा को आड़े हाथों लिया है। भाजपा में गुटबाजी को लेकर वर्मा ने कहा कि रतलाम भाजपा कई समूहों में बंट चुकी है। यह विवाद भाजपा के ही पूर्व और वर्तमान पार्षदों के बीच का है। कांग्रेस के अनुसार, एक पक्ष प्रिंस होटल के साथ है, तो दूसरा पक्ष डॉल्फिन स्विमिंग पूल के मालिक के समर्थन में खड़ा है। आरोप लगाया गया है कि कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करते हुए इस मुद्दे को जानबूझकर 'हिंदुत्व' का रंग दिया जा रहा है ताकि शहर में डर का माहौल पैदा हो सके। शांतिलाल वर्मा ने स्पष्ट किया कि यह पूरी लड़ाई केवल मोटी रकम की वसूली और भ्रष्टाचार के लिए लड़ी जा रही है।

Seoni के स्कूलों में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
Bhopal के बड़े तालाब पर बढ़ता अतिक्रमण
Gaurav Gogoi इंडिया-फिलीपींस संसदीय मैत्री समूह के अध्यक्ष नामित