रतलाम में रावण पर सियासत! कांग्रेस का प्रदर्शन, कहा- करप्शन में शामिल नगर निगम, महापौर इस्तीफा दें
रतलाम।
मध्य प्रदेश के रतलाम में रावण दहन को लेकर सियासत शुरू हो गई है. नगर निगम पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं. महापौर का इस्तीफा मांगा जा रहा है. दरअसल गुरुवार को दशहरा कार्यक्रम में रावण का पुतला पूरा नहीं जल पाया था. रावण दहन कार्यक्रम को लेकर शहरवासियों में भी नाराजगी दिखी थी. वे निगम को कोसते नजर आए. आयोजन स्थल पर रावण दहन देखे बिना लोग जाने लगे थे. जिसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज (शुक्रवार) कलेक्ट्रेट पहुंच नारेबाजी की और निगम पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की.
कांग्रेस ने रावण का पुतला बनाने में निगम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रदर्शन किया. उन्होंने महापौर प्रह्लाद पटेल के इस्तीफे की मांग की. कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में नारे लगाए, ‘हे राम, ये क्या हो रहा है. रावण भी नहीं जल रहा है. रावण निर्माण के भ्रष्टाचार की जांच करो. भ्रष्टाचारियों को सजा हो. आस्था से खिलवाड़ करना बंद करो. धर्म का मजाक बनाना बंद करो.
जनता की आस्था को पहुंची ठेस
रतलाम शहर के कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि यह किस प्रकार के ठेकेदारों को शहर में ला-लाकर हमेशा कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, जिससे जनता की आस्था को ठेस पहुंच रही है. कल दशहरा पर आयोजन स्थल पर लाखों लोग पहुंचे थे. उनकी आस्था को ठेस पहुंची. जनता को वहां मुर्दाबाद के नारे लगाने पड़े. अतिथियों को शर्मिंदा होकर भागना पड़ा. उनका बीजेपी से निवेदन है कि इतना भ्रष्टाचार मत करो. शहर की जनता आपसे आशा कर रही है.
फिर से उसे ही दे दिया ठेका
उन्होंने आगे कहा कि आज के अखबार में आपने लिखा है कि पिछली बार जिसने घटिया सामग्री से रावण बनाया था, हमने उसको पेमेंट नहीं किया है. वहीं इस बार आपने फिर उसे ही ठेका दे दिया. इस भ्रष्टाचार में महापौर परिषद संलिप्त है. कांग्रेस मांग करती है कि महापौर इस्तीफा दें. विधायक महापौर पर इस्तीफा देने का दबाव बनाएं.

बेटियों और बहनों के विकास से ही होगा समग्र विकास संभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पश्चिम बंगाल में गरजे सीएम योगी, बोले- टीएमसी के गुंडों का ‘यूपी मॉडल’ से होगा इलाज