राघौगढ़ का 'छोटा राजा' सोशल मीडिया पर सुपरहिट: मात्र 9 साल की उम्र, 50 हजार फॉलोअर; दिग्विजय के पोते ने दी राजनीति में सक्रियता की दस्तक!
राजगढ़/राघौगढ़।
कहते हैं कि पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं, और जब बात राघौगढ़ राजघराने की हो, तो सियासत खून में दौड़ती है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पोते और जयवर्धन सिंह के बेटे सहस्त्रजय सिंह इन दिनों अपनी मासूमियत और बेबाक अंदाज से सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहे हैं।
सोशल मीडिया का नया 'पावर हाउस'
मात्र 9 साल की उम्र में जहां बच्चे खिलौनों से खेलते हैं, सहस्त्रजय सिंह के फेसबुक पेज पर 50,000 से ज्यादा फॉलोअर्स का काफिला जुड़ चुका है। दिलचस्प बात यह है कि यह 'छोटा राजा' खुद केवल अपने पिता जयवर्धन सिंह और दादा दिग्विजय सिंह को ही फॉलो करता है।
6 साल की उम्र में पहला भाषण, अब दे रहे हैं टक्कर
सहस्त्रजय सिंह की राजनीतिक ट्रेनिंग बहुत छोटी उम्र में ही शुरू हो गई थी। साल 2023 में मात्र 6 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला सार्वजनिक भाषण दिया था। दादा दिग्विजय सिंह की उंगली पकड़कर चुनावी सभाओं में जाना और जनता से संवाद करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। उनके वीडियो में वे मंदिर जाकर पूजन करते, तलवार के साथ राजसी वेशभूषा में नजर आते और जनता को टॉफियां बांटते दिखाई देते हैं।
फिल्म और किताबों के 'क्रिटिक' भी हैं सहस्त्रजय
सहस्त्रजय केवल राजनीति तक सीमित नहीं हैं। उनके वीडियो पेज पर वे 'हैरी पॉटर' जैसी चर्चित किताबों और फिल्मों के बीच अंतर बताते हुए धाराप्रवाह अंग्रेजी में बात करते नजर आते हैं। बैडमिंटन खेलते हुए और अपनी मां-पिता के साथ समय बिताते हुए उनके वीडियो यह बताते हैं कि उनका व्यक्तित्व बहुआयामी है।
राघौगढ़ की चौथी पीढ़ी तैयार!
सहस्त्रजय की ये गतिविधियां साफ संकेत दे रही हैं कि राघौगढ़ राजघराने की चौथी पीढ़ी अब मैदान में उतरने को तैयार है। हालांकि उनके सोशल मीडिया पेज को उनकी टीम या परिवार संभालता होगा, लेकिन वीडियो में सहस्त्रजय का आत्मविश्वास किसी मंझे हुए राजनेता से कम नहीं लगता।

सीएम पद की लड़ाई सड़क तक पहुंची, पर्यवेक्षकों ने खरगे को सौंपी रिपोर्ट
बंगाल में भाजपा का बड़ा फैसला, शुभेंदु अधिकारी होंगे नए मुख्यमंत्री
एसबीआई का शुद्ध लाभ 19,684 करोड़ रुपये के पार पहुंचा
ट्रस्ट्स ने 16 मई तक टाली बोर्ड बैठक, कई अहम मुद्दों पर होनी थी चर्चा
लीची संकट पर कृषि मंत्री शिवराज का बड़ा फैसला, बनी विशेषज्ञ कमेटी