राजगढ़ में 'मौत का मोहल्ला'! एक ही कॉलोनी में 27 बच्चों को ब्लड कैंसर, सांसद नागर ने चेताया- 'पंजाब' बन रहा है जिला
राजगढ़।
जिले में खानपान की चीजों में मिलावट और खेती में रसायनों के अंधाधुंध इस्तेमाल ने डरावनी शक्ल अख्तियार कर ली है। स्थानीय सांसद रोडमल नागर ने एक कार्यक्रम के दौरान जो आंकड़े पेश किए, उसने सबको चौंका दिया है। सांसद का दावा है कि उनके अपने निवास क्षेत्र (पचोर) की एक ही कॉलोनी में पिछले 3-4 सालों के भीतर 27 बच्चे ब्लड कैंसर जैसी घातक बीमारी की चपेट में आ गए हैं।
'हम पंजाब की राह पर हैं'
सांसद नागर ने चेतावनी दी कि अगर मिलावट और केमिकल का यही हाल रहा, तो राजगढ़ जिला अगले 10 सालों में पंजाब बन जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जमीन को बर्बाद होने में 50 साल लगे, लेकिन हम जिस रफ्तार से यूरिया और कीटनाशक डाल रहे हैं, हमारी जमीन 10 साल में ही बंजर हो जाएगी।
लौकी में इंजेक्शन और मूंग दाल में जहर
सांसद ने मिलावटखोरी पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि आज सबसे पौष्टिक मानी जाने वाली सब्जियां और दालें भी जहरीली हो चुकी हैं।
इंजेक्शन वाली सब्जियां: लौकी जैसी सेहतमंद सब्जी में भी इंजेक्शन लगाकर उसे बड़ा किया जा रहा है।
यूरिया का ओवरडोज: पैदावार बढ़ाने के चक्कर में किसान एक बीघा जमीन में तीन-तीन बोरी यूरिया डाल रहे हैं।
मूंग दाल: जो दाल बीमारों को ठीक करने के लिए दी जाती थी, आज वही मिलावट के कारण शरीर को नुकसान पहुंचा रही है।
नकली दूध वालों के खिलाफ जंग
सांसद ने जिले में सक्रिय नकली दूध के माफियाओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने जनता से अपील की है कि अगर कहीं भी सिंथेटिक या नकली दूध बन रहा है, तो उसकी सूचना तुरंत उन्हें, विधायक को या सीधे कलेक्टर-एसपी को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। नागर ने कहा कि इस लड़ाई में समाज को सरकार का साथ देना ही होगा।
कांग्रेस ने घेरा
सांसद के इस इमोशनल बयान पर सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर हालात इतने खराब हैं, तो सांसद ने संसद में अब तक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव क्यों नहीं लगाया? उन्होंने कहा कि जनता ने आपको संसद में अपनी आवाज उठाने के लिए भेजा है, सिर्फ भावुक भाषण देकर आप अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकते।

आरपीएफ महानिदेशक ने भोपाल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर लिया जायजा
ऑपरेशन सिंदूर: कैसे भारतीय जवानों ने आतंक के ठिकानों को किया ध्वस्त
पंजाब धमाके मामले में BJP का भगवंत मान पर पलटवार, भेजा मानहानि नोटिस
सम्राट चौधरी बांटेंगे 19 मंत्रियों के विभाग, बाकी 15 पर किसका होगा फैसला?
भोपाल को मिली 'अटल' सौगात: अब 72 करोड़ के हाईटेक भवन में एक ही छत के नीचे होंगे नगर निगम के सारे काम