"उल्टा टांग दूंगा... कान खोलकर सुन लो!" राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष ने कंपनी कर्मचारी को दी सरेआम धमकी, वीडियो वायरल
राजगढ़।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष के एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वे प्रतिष्ठित बिल्डकॉन कंपनी के कर्मचारी को उल्टा टांग देने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। वे फोन पर किसी को सीधी धमकी दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मचा है। दरअसल जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें वह दिलीप बिल्डकॉन कंपनी के एक कर्मचारी को उल्टा टांग देने की चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं। बता दें की बांकपूरा गांव में प्रस्तावित परियोजना की जद में 50 मकान एक स्कूल और कई रास्ते आ रहे हैं। इन जमीनों पर ग्रामीणों के द्वारा वर्षों से खेती की जा रही है। अब वहां कब्जे की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ग्रामीणों को हटाया गया तो वह कहां जाएंगे। साथ ही उन्होंने जिले भर में किसानों की महा पंचायत बुलाने की भी चेतावनी दी।
कान खोल कर सुन लो उल्टा डाल दूंगा
जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया ने दिलीप बिल्डकॉन के कर्मचारियों को फोन पर बात करते हुए कहा कि गांव वालों पर किसी की दादागिरी नहीं चलेगी। कंपनी प्रशासन और पुलिस के सहारे ग्रामीण पर दबाव बना रही है। क्या अंग्रेजों की तरह दबाव बनाओगे, जैसे उन्होंने लोगों को लूटा, वैसे ही इन गरीबों को लूटने की कोशिश मत करो। उनके साथ कोई नहीं है, ऐसा मत समझना। मैं उनके साथ खड़ा हूं। किसी किसान ने शिकायत कर दी तो तुम लोगों को उल्टा टांग दूंगा।
ग्रामीणों से बदतमीजी की तो टीन-टप्पर उठवा दूंगा
इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ग्रामीण से बदतमीजी की गई तो काचरी का टीन-टप्पर उठवा दूंगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर ग्रामीण पर जुटी FIR दर्ज करवाई जा रही है।
बायोफ्यूल प्लांट के लिए करना चाहती है नेपियर खेती
राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया ने बताया कि दिलीप बिल्डकॉन यहां बायोफ्यूल प्लांट के लिए नेपियर घास की खेती करना चाहती है। उसी के उद्देश्य से जमीन ली जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन जमीनों को विक्रय निषेध श्रेणी में होना चाहिए था। उनकी भी अनुमति प्रशासनिक मिलीभगत से दिलाई गई है।
गांव वालों ने दी काट देने की धमकी
दिलीप बिल्डकॉन के मैनेजर अशोक तोमर ने बताया कि जमीन दूसरे गांव वालों की थी, उन्हें पट्टा यहां मिला था। लेकिन गांव वाले उन्हें नहीं दे रहे हैं। प्रशासन ने नियमानुसार अनुमति देकर यह जमीन हमें दिलवाई है। गांव वाले चाहते हैं कि उनके अवैध कब्जा बना रहे। प्रशासन उन्हें कब्जा छोड़ने को बोल रहा है। हम क्यों धमकाएंगे और गांव से बाहर करेंगे। प्रशासन ने हमें सीमांकन, पट्टा करवाकर यह जमीन दी है। जब हम मौके पर पहुंचे तो गांव के 20-25 लोग बाहर आए और काटकर फेंकने की धमकी देने लगे तब हमने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

जयशंकर पहुंचे त्रिनिदाद और टोबैगो, इंडोनेशिया में निवेश घोटाले पर बड़ी कार्रवाई
डोप टेस्ट विवाद में फंसे यशस्वी और शेफाली, NADA ने भेजा नोटिस
रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप का नया दावा, ईरान और हंतावायरस पर भी दिया बयान
मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी
DC vs KKR: फिन एलेन का धमाका, रचा इतिहास पर इतिहास