रायसेन। 
रायसेन के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना के बाद लोगों का गुस्सा कम नहीं हो रहा है। लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। वहीं बुधवार को मंडीदीप, रायसेन शहर गौहरगंज, सीहोर और आसपास के इलाकों में बाजार बंद रहे। स्कूल भी बंद रखे गए। गौहरगंज थाने के बाहर लोगों का प्रदर्शन भी जारी है। सकल हिंदू समाज के बैनर पर बड़े स्तर पर बंद किया गया है। इसके अलावा बजरंग दल और व्यापारी संगठन भी इस बंद को सहयोग कर रहे हैं। गौहरगंज और औबेदुल्लागंज के निजी स्कूल भी बंद हैं।
सिहोर भी रहा बंद, निकाली गई रैली
सीहोर में भी लोगों में गुस्सा देखा गया। शहर बंद रहा, रैली निकाली गई, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। आरोपी सलमान की तुरंत गिरफ्तारी और मृत्युदंड की मांग की गई है। आक्रोशित नागरिक एक विशाल रैली के रूप में सड़कों पर उतरे। हाथों में तख्तियां, आंखों में आंसू और दिल में क्रोध लिए हजारों लोग सड़कों पर जमा हुए। रैली एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां SDM तन्मय वर्मा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। सीहोर के लोगों का मानना है कि मासूम पर हुई यह दरिंदगी इंसानियत की सीमाओं से भी परे है।
सरकार का एक्शन
इस मामले में सरकार सख्त है। इसी वजह से सीएम मोहन यादव ने मंगलवार देर शाम को डीजीपी, एडीजी इंटेलिजेंस समेत कई उच्च अधिकारियों की बैठक की। सीएम ने रायसेन के एसपी पंकज पांडेय को हटा दिया था। उनको पुलिस मुख्यालय में अटैच कर दिया गया। 
300 पुलिस वाले ढूंढ रहे आरोपी को
पुलिस के अनुसार करीब 20 टीमें इस पूरे ऑपरेशन के लिए बनाई गईं है। 300 पुलिस वाले जमीनी स्तर पर आरोपी की तलाश कर रहे हैं। सभी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी के ऊपर इनाम की रकम भी बढ़ाकर 30 हजार कर दी गई है।