रायसेन। 
रायसेन जिले के मंडीदीप में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना के बाद लोगों में गुस्सा है। लगातार तीसरे दिन यानी सोमवार को सकल हिंदू समाज के लोग सड़क पर बैठ गए। इससे सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। मंडीदीप से भोपाल की तरफ आने वाले रास्ते की ओर 14 किमी, यानी 11 मील तक जाम लगा है।
वहीं दूसरी ओर मंडीदीप से औबेदुल्लागंज की तरफ नाहर फैक्ट्री टोल नाके तक करीब 7 किलोमीटर तक जाम लग गया। इसमें हजारों वाहन फंसे हैं। वहीं दूसरी ओर मंडीदीप के मंगल बाजार में भी विद्यार्थी परिषद ने जाम लगा दिया है। यहां स्कूल के बच्चे न्याय की मांग को लेकर सड़क पर बैठे हैं। व्यवस्था को सुधारने में पुलिस के करीब 50 से 60 जवान लगे हैं।

चॉकलेट दिलाने के बहाने ले गया था आरोपी
बता दें कि बच्ची 21 नवंबर की शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान 23 साल का आरोपी सलमान यहां से गुजरा। बच्ची को अकेला देख उससे बातें की और चॉकलेट दिलाने का कहकर अपने साथ ले गया। कुछ दूर जंगल में ले जाकर उसने वारदात का अंजाम देकर फरार हो गया। लोगों को वह जंगल में रोती मिली। फिलहाल, बच्ची भोपाल के अस्पताल में भर्ती है। यहां उसकी हालत में सुधार है। घटना के दूसरे दिन लोगों ने जयपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया था। करीब 4 घंटे बाद प्रदर्शन खत्म कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के ऊपर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। घटना के 85 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।