रायपुर। 
छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर मंगलवार सुबह हुई मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी खूंखार नक्सली नेता हिड़मा मारा गया है। उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का को भी ढेर कर दिया गया है। न्यूज एजेंसी ने छत्तीसगढ़ पुलिस के हवाले से इसकी पुष्टि की है। छत्तीसगढ़ में ही सुबह सुकमा जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र में एक अन्य मुठभेड़ हुई है। इसमें 6 नक्सली मारे गए हैं। दोनों जगहों पर सर्च ऑपरेशन जारी है। ऑपरेशन टीम से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने फोन पर बातचीत की है।
एर्राबोर में दूसरी मुठभेड़, यहां 6 नक्सली मारे गए
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी की एर्राबोर के जंगल में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर रात में DRG के जवानों को मौके के लिए निकाला गया था। वहीं आज सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
नक्सलियों ने जवानों को देख फायरिंग की
बताया जा रहा है कि जब जवान उस इलाके में पहुंचे तो नक्सलियों ने जवानों को देख फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का जवाब दिया। फिलहाल सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि नक्सलियों को कितना नुकसान हुआ है। 2 दिन पहले भी सुकमा में 15 लाख रुपए के इनामी 3 नक्सलियों का एनकाउंटर किया गया था।